फेसबुक पर दोस्ती के बाद महिला के साथ पूरी रात किया रेप

 दक्षिण दिल्ली के नेबसराय थाना इलाके में फेसबुक पर दोस्ती कर महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसकी अश्लील फोटो सोशल साइट पर डाल देगा।

आरोपी ने महिला को शादी करने का झांसा भी दिया था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित 33 वर्षीय महिला पति से अलग देवली में रहती है। उसकी छोटी बहन की फेसबुक पर श्रीकांत (28) नामक युवक से दोस्ती थी। धीरे-धीरे छोटी बहन के जरिये फेसबुक पर श्रीकांत की दोस्ती पीड़िता से हो गई। पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि फेसबुक पर दोस्ती होने के बाद वह आरोपी से मिलने-जुलने लगी। आरोपी ने उसे शादी करने का झांसा दिया।

महिला के मुताबिक आरोपी सितंबर, 2017 से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है। इसके बाद आरोपी उसे धमकी देकर दुष्कर्म करने लगा। वह महिला को कहता था कि उसकी अश्लील फोटो हैं और वह किसी को कुछ बताएगी तो फोटो को वह सोशल साइट पर डाल देगा।

महिला ने अपनी शिकायत में ये भी कहा है कि आरोपी अब किसी और युवती से शादी कर रहा है और उसने युवती के साथ सगाई कर ली है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें बना दी गई हैं। श्रीकांत प्राइवेट जॉब करता है और अंबेडकर नगर थाना इलाके में रहता है।