धोखाधड़ी के आरोप लगने के बाद सोनाक्षी सिन्हा की टीम ने जारी किया ये स्टेटमेंट

धोखाधड़ी के आरोप लगने के बाद सोनाक्षी सिन्हा की टीम ने एक स्टेटमेंट जारी किया है। जिसमें लिखा है कि सोनाक्षी को इवेंट ऑर्गनाइजर ने दिल्ली में कार्यक्रम के लिए संपर्क किया था। हालांकि, बार-बार याद दिलाने के बावजूद आयोजक इवेंट से पहले सोनाक्षी को निर्धारित राशि का भुगतान नहीं कर पाया।


पिंकविला की खबर के अनुसार ऑर्गनाइजर ने दिल्ली के टिकट भी एग्रीमेंट के अनुसार नहीं भेजे थे। वहीं उन्होंने सोनाक्षी के साथ उनकी टीम के रिटर्न टिकट का इंतजाम भी नहीं किया था। जबकि उन्हें यह पता था कि इवेंट की अगली सुबह सोनाक्षी का शूट था। आयोजक से संपर्क करने, पेमेंट करने और टिकट भेजने के लिए संपर्क करने कई प्रयास किए गए, हालांकि उसने किसी भी तरह का जवाब नहीं दिया। सोनाक्षी और उनकी टीम को मुंबई हवाई अड्डे से घर लौटना पड़ा।

सोनाक्षी की मैनेजमेंट कंपनी ने दूसरी तारीख पर इवेंट करने की बात कही लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। आयोजक अब झूठे तथ्यों को मीडिया में फैला रहा है। अगर वह ऐसा करना बंद नहीं करता तो सोनाक्षी और उनकी टीम सीधे कानूनी कार्रवाई करने मजबूर हो जाएगी।

यूपी के मुरादाबाद के इवेंट ऑर्गनाइजर प्रमोद शर्मा के अनुसार उन्होंने 28.17 लाख रुपए का भुगतान सोनाक्षी को जून में ही कर दिया था। प्रमोद के अनुसार सोनाक्षी ने लास्ट मोमेंट पर सुबह 10 बजे की फ्लाइट कैंसिल कर दी और उसी दिन दोपहर 3 बजे की फ्लाइट बुक की। लेकिन वे नहीं पहुंचीं। इसलिए उन्होंने कटघर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।