दिल्ली में नए साल की पार्टी में BJP नेता ने की फायरिंग, साथी की पत्नी को लगी गोली

दिल्ली में नव वर्ष उत्सव के दौरान हर्ष फायरिंग में साथी की पत्नी को गोली लगने की घटना में नामजद बिहार के पूर्व विधायक को कुशीनगर से एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। बुधवार को कुशीनगर पहुंची दिल्ली पुलिस पूर्व विधायक को अपने साथ ले गयी।आरोपी राजू प्रताप सिंह बिहार में विधायक रह चुका है। पहले वह जनता दल यूनाइटेड में रहा और अब वह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में है।

पटहेरवा के थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने पूर्व विधायक राजीव सिंह के गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि वह मूलतः बिहार के मुजफ्फरनगर साहबगंज के रहने वाले है। उन पर यह आरोप है कि नव वर्ष की पूर्व संध्या पर 31 दिसम्बर की रात्रि पूर्व विधायक ने अपने दिल्ली वाले एक फार्म हाउस में पार्टी का आयोजन किया था, जिसमें शामिल होने के लिए कई अतिथि पहुंचे। पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग हुई और मशहूर बिल्डर विकाश गुप्ता की पत्नी अर्चना गुप्ता गोली लगने से घायल हो गयी। इस घटना के बाद पूर्व विधायक बिहार के लिए भाग निकला। उनकी तलाश में जुटी दिल्ली पुलिस को कुशीनगर में लोकेशन मिली। दिल्ली पुलिस ने एसटीएफ को मामले की जानकारी देकर मदद मांगी। इस पर एसटीएफ ने मंगलवार देर शाम पूर्व विधायक को फाजिलनगर से गिरफ्तार कर लिया।

बुधवार की सुबह पहुंची दिल्ली पुलिस के साथ एसटीएफ टीम ने पूर्व विधायक से थाने में पूछताछ की। इसके बाद फार्म हाउस में हुए घटना के आरोप में दिल्ली पुलिस पूर्व विधायक को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी।