बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने कैबिनेट का विस्तार करने वाले हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री रविवार को अपने कैबिनेट का विस्तार करेंगे।
अभी बिहार सरकार के कैबिनेट में 11 मंत्री पद रिक्त हैं। वहीं, कैबिनेट के विस्तार को लेकर नेताओं के नामों पर अटकलें लगाई जा रही हैं। बिहार सरकार के कैबिनेट से इस बार लोकसभा चुनाव में तीन मंत्री पद खाली हुए हैं, क्योंकि उक्त तीन मंत्री अब सासंद बन चुके हैं।
जिसमें ललन सिंह, पशपति पारस व दिनेश चंद्र यादव का नाम शामिल हैं। वहीं, मुजफ्फरपुर बलात्कार काण्ड को लेकर मंजू वर्मा ने समाज कल्याण मंत्री पद से त्याग पत्र दिया था।ऐसे में यह पद भी पहले से रिक्त है। कैबिनेट के विस्तार को लेकर नेताओं के नामों पर कयास लगाए जा रहे हैं। जिसमें तीन एमएलसी संजय झा, अशोक चौधरी व नीरज कुमार का नाम दौड़ में आगे है। संजय झा को शनिवार को निर्विरोध विधान परिषद का मेम्बर चुना गया है। इसके साथ ही रालोसपा से जदयू में विलय हुए ललन पासवान व सुधांशु शेखर का नाम भी सामने आ रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो दोनों रालोसपा विधायक कैबिनेट के विस्तार से पहले इसलिए जदयू में शामिल हुए हैं। क्योंकि इनमें से एक को मंत्री पद दिया जा सकता है। कयास तो यह भी लग रहे हैं कि कैबिनेट में लोजपा से भी किसी एक नेता को मंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि, बीजेपी कोटे से भी मंत्री बनने के संभावना हैं।