उत्तराखंड के पंचायत चुनाव में लगा भाजपा को करारा झटका

विधानसभा के हालिया चुनाव में हारने वाली भाजपा को हरियाणा नगर निगम के चुनाव में भारी जीत से थोड़ी राहत मिली थी लेकिन उत्तराखंड में रायपुर क्षेत्र पंचायत प्रमुख के उप चुनाव में उसे एक बार फिर से झटका लगा है। वहीं बागेश्वर ब्लाक प्रमुख उपचुनाव जीत कर कांग्रेस ने हैट्रिक लगाई है। रायपुर क्षेत्र पंचायत प्रमुख के उप चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी प्रमिला देवी ने एकतरफा जीत दर्ज की। उन्हांेने विरोधी प्रत्याशी संगीता सोलंकी को प्रमिला ने 12 मतों से हराया। खबरों के अनुसार संगीता खुद भी अपना मत डालने नहीं गईं। कांग्रेस का दावा है कि संगीता भाजपा समर्थित प्रत्याशी हैं।

गौरतलब है कि भाजपा विधायक गणेश जोशी ने प्रमिला को भाजपा समर्थित प्रत्याशी बताते हुए कहा कि पार्टी समर्थित क्षेत्र पंचायत सदस्यों के वोट से उन्हें जीत मिली है। हालांकि प्रमिला ने जोशी के इस दावे की यह कहकर हवा निकाल दी कि वह कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी थीं। बता दें कि रायपुर ब्लाॅक के 27 गांवों को नगर निगम में शामिल किए जाने के बाद ब्लाक प्रमुख का पद खाली हो गया था। भाजपा के दबदबे वाला यह ब्लाॅक मसूरी और रायपुर विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है।

यहां बता दें कि इन दोनों ही विधानसभाओं में गणेश जोशी और उमेश शर्मा काऊ भाजपा के विधायक हैं। रायपुर ब्लाक में महज 13 क्षेत्र पंचायत सदस्य ही बचे हैं। नए ब्लाॅक प्रमुख के चुनाव में भाजपा की ओर से संगीता सोलंकी और कांग्रेस की ओर से प्रमिला देवी के अलावा 3 अन्य प्रत्याशियों ने भी नामांकन भरा था हालांकि ऐन मौके पर इन तीनांे प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया। मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच था। कल हुए मतदान के तत्काल बाद मतगणना कराई गई जिसमें कुल 13 बीडीसी सदस्यों में से 12 ने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी प्रमिला देवी के पक्ष में मतदान किया। जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी संगीता सोलंकी को एक भी मत नहीं मिला।

इससे पहले बागेश्वर में कपकोट निकाय चुनाव, कांडे कन्याल जिला पंचायत उपचुनाव के बाद अब बागेश्वर ब्लाक प्रमुख उपचुनाव जीत कर कांग्रेस ने हैट्रिक लगाई है। कांग्रेस अब इन जीतों को लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन से भी जोड़ कर देख रही है।