अमेरिका में ‘पे टू स्टे वीजा रैकेट का भंडाफोड़

अमेरिका में एक बड़े वीजा रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है, जिसके बाद भारत समेत कई अन्य देशों के लोगों को निर्वासन का सामना करना पड़ सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, देश में अवैध रूप से रहने वाले कम से कम 600 प्रवासियों की मदद करने के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, जो ‘पे टू स्टे’ वीजा के माध्यम से लोगों को ठग रहे थे। गिरफ्तार लोगों में भारतीय भी शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी में अमेरिका के आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) ने कार्रवाई करते हुए आठ विदेशियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी लोग या तो भारतीय नागरिक हैं या भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक हैं।

सभी की उम्र 30 वर्ष के आसपास बताई गई है। इनकी पहचान भारत काकीरेड्डी, सुरेश कंडाला, पाणीदीप कर्नाटी, प्रेम रामपीसा, संतोष सामा, अविनाश थक्कलापल्ली, अश्वंत नुणे और नवीन प्रतिपति के रूप में हुई है। हालांकि आइसीई ने इनकी नागरिकता का खुलासा नहीं किया है।