WPL 2023: मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को हराया , प्लेऑफ में की एंट्री

मुंबई इंडियंस का वीमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में विजय अभियान जारी है। मुंबई ने मंगलवार को गुजरात जायंट्स के खिलाफ 55 रन से मैच अपने नाम किया और प्लेऑफ में एंट्री करने वाली पहली टीम बन गई।

मुंबई की टूर्नामेंट में यह लगातार पांचवीं और गुजरात के विरुद्ध दूसरी जीत है। मुंबई ने इससे पहले गुजरात को 143 रन से रौंदा था। मुंबई ने आज 163 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में गुजरात की टीम 9 विकेट गंवाकर 107 रन ही जुटा सकी। मुंबई के लिए नताली साइवर और हेली मैथ्यूज ने तीन-तीन विकेट चटकाए। अमेलिया केर ने 2 और इस्सी वोंग ने एक शिकार किया।

इससे पहले, मुंबई ने निर्धारति 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। टॉस गंवाने के बाद बैटिंग के लिए उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हेली मैथ्यूज (0) पहले ओवर में ही एशलेग गार्डनर का शिकार बन गईं। यास्तिका भाटिया (44) और नताली साइवर (36) ने दूसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की। साइवर को 11वें ओवर किम गार्थ ने एलबीडब्ल्यू किया। यास्तिका 13वें ओवर में रनआउट हुईं। इसके बाद, कप्तान हरमनप्रती कौर ने चौथे विकेट के लिए अमेलिया केर (19) के साथ 51 रन की पार्टनरशिप की। केर 17वें ओवर में तनुजा कंवर के जाल में फंसीं।

लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने निराशाजनक आगाज किया। सोफिया डंकले (0) पारी की पहली गेंद पर ही एलबीडब्ल्यू हो गईं। इसके बाद, गुजरात ने नियमित अंतराल पर विकेट खोए। गुजरात की खस्ता हालत का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उसके 6 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। टीम के लिए सर्वाधिक रन हरलीन देओल ने बनाए। उन्होंने 23 गेंदों में 3 चौकों के जरिए 22 रन जोड़े। कप्तान स्नेह राणा ने 20 और सुष्मा वर्मा 18* रन का योगदान दिया। मानसी जोशी 7 रन बनाकर नाबाद रहीं।