लॉकडाउन के बीच आई राहत की खबर यूपी के 4 लाख 81 हजार श्रमिकों को सीएम योगी देंगे इतने रूपए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने पांच कालिदास मार्ग स्थित सरकार आवास से प्रदेश के 4 लाख 81 हजार 755 श्रमिकों के लिए भरण पोषण भत्ता जारी कर दिया। जिसमें प्रदेश के 2.34 करोड़ किसानों को 2000 रुपये प्रतिमाह आगामी तीन महीनों तक दिए जाने की व्यवस्था है। जनधन योजना में जिन महिलाओं के खाते हैं, उन्हें 500 रुपये प्रतिमाह आगामी तीन महीने तक देने की व्यवस्था है उन्होंने चिह्नित किए गए प्रत्येक श्रमिक के खाते में एक-एक हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। डीबीटी के माध्यम से सरकार ने स्ट्रीट वेंडर, ऑटो चालक, रिक्शा चालक, ई-रिक्शा चालक और पल्लेदारों के बैंक खाते में 48,17,55,000 रुपए की धनराशि भेजी।


इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लाॅकडाउन की कार्रवाई प्रारंभ होने के पहले ही प्रदेश सरकार ने वित्त मंत्री की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई थी। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए 11 लाख से अधिक निर्माण श्रमिकों को 1000 की धनराशि उनके खाते में उपलब्ध करवाई जा चुकी है। 20 लाख निर्माण श्रमिकों को यह धनराशि उपलब्ध करवा रहे हैं।इस दौरान मुख्यमंत्री को भोजन सामग्री के वितरण आदि की वीडियो के जरिए जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने जनपदों के अधिकारियों व लाभार्थियों से वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जितने भी ठेला, खोमचा, रेहड़ी, रिक्शा, ई-रिक्शा, पल्लेदार, या अन्य सेवाएं देने वाले लोग हैं, इनके लिए एक सर्वे कराकर हमने प्रशासन को आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाई है। स्वाभाविक रूप से इस समय लाॅकडाउन के कारण इन सभी का कार्य प्रभावित है। इन सभी को भरण-पोषण का भत्ता दिया जाना चाहिए। ऐसे 15 लाख से अधिक दैनिक काम करने वाले लोगों को भी हम धनराशि उपलब्ध करवा रहे हैं।