यहाँ लॉकडाउन बढ़ाए जाने के डर से सड़कों पर उतरे मजदूर तोड़फोड़ के साथ लगाई आग

देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच कई कई राज्य लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं। ओडिशा और पंजाब ने तो लॉकडाउन को बढ़ाने का ऐलान भी कर दिया है। हालांकि, केंद्र सरकार अभी देशव्यापी लॉकडाउन और उसे कैसे चरणबद्ध तरीके से खत्म करना है इन दो मसलों पर विचार कर रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही इन दोनों मुद्दों पर प्रधानमंत्री मोदी देश की जनता को संबोधित करेंगे। इस बीच लॉकडाउन बढ़ाए जाने के डर से गुजरात के सूरत में प्रवासी मजदूर सड़कों पर उतर आए। सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शन के लिए उतरे इन मजदूरों की मांग थी कि उन्हें तनख्वाह दी जाए और अपने गृह राज्य वापस भेजने की व्यवस्था भी की जाए। इस बीच कई दिहाड़ी कामगारों ने सब्जी के ठेलों और दुकानों में आग लगा दी। साथ ही तोड़फोड़ भी की।

बताया गया है कि सड़कों पर उतरे ज्यादातर दिहाड़ी मजदूर सूरत की पावरलूम टेक्सटाइल फैक्ट्रियों में काम करते हैं। लॉकडाउन की वजह से इन फैक्ट्रियों को बंद कर दिया गया है, जिससे हजारों की संख्या में प्रवासी कामगार जहां-तहां फंस गए। जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारी मजदूरों में से कई लॉकडाउन बढ़ाए जाने की खबरों के बीच अपने गृहराज्य ओडिशा लौटना चाहते हैं।