क्या पूरी तरह से लॉकडाउन के लिए तैयार है देश की जनता, लोगो ने कुछ इस कदर किया उल्लंघन

कोरोना वायरस की चुनौतियों का सामना करने के लिए रविवार को यूपी के 15 जिलो सहित देश के जिन 75 जिलों में कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं उन्हें भी 31 मार्च तक लॉकडाउन रखने का फैसला हुआ है। जरूरत पडऩे पर 31 मार्च से पहले फिर से जनता कर्फ्यू का आह्वान किया जा सकता है।

वहीं उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से भी ऐसी ही हैरान कर देने वाली तस्वीरें सामने आईं। कानपुर के रामादेवी वेजिटेबल मार्केट की तस्वीर में देख सकते हैं कि लोग सब्जी खरीदने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकले हुए हैं। बाजार में आम दिनों की तरह भीड़ नजर आ रही है, जो कि गलत है। इसी भीड़ पर काबू पाने के लिए ही तो पहले जनता कर्फ्यू और अब लॉकडाउन का ऐलान किया गया। एक खरीदार ने कहा कि सब्जियां आवश्यक खाद्य पदार्थों का एक हिस्सा हैं, लेकिन सब्जियों की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है, क्योंकि लॉकडाउन के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है।

रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में राज्यों के कैबिनेट और मुख्य सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में कोरोना के रूप में आई महामारी को हर हाल में तीसरे चरण में आने से रोकने पर गंभीर मंथन हुआ। इसमें विभिन्न राज्यों की स्थिति का आकलन किया गया और कोरोना प्रभावित लोगों की संख्या बढने पर ऐसी स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक में 75 जिलों में लॉकडाउन, एक से दूसरे राज्यों को जोडऩे वाली बस सेवाओं को 31 मार्च तक स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

कर्नाटक के कलबुर्गी में भी लॉकडाउन के बावजूद सब्जी बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ी। कई जगह से ऐसी भी तस्वीरें सामने आईं, जहां पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की। नागपुर से एक तस्वीर आई जहां पुलिस ने कुछ लोगों से नियमों का पालन नहीं करने पर सड़क पर उठक-बैठक करवाई। दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर भी बड़ी संख्या में वाहन दिखे। लॉकडाउन के चलते दिल्ली की सीमाओं को सील कर दिया गया है।

बिहार की राजधानी पटना में लोग लॉकडाउन के दौरान बसों में यात्रा करते नजर आए। बसों में काफी भीड़ दिखी, यहां तक की लोग बसों की छतों पर भी बैठकर यात्रा करते दिखे। भारतीय रेलवे द्वारा यात्री ट्रेनों को 31 मार्च तक रद्द करने के कारण बड़ी संख्या में लोग बसों में यात्रा कर रहे हैं। बिहार के सभी जिलों में 31 मार्च तक लॉकडाउन का ऐलान किया गया है।