‘छल-कपट से अपना प्रचार अभियान चला रहे विवेक’, डोनाल्ड ट्रंप ने पहली बार रामास्वामी पर हमला बोला

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहली बार विवेक रामास्वामी पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भारतीय-अमेरिकी उद्यमी छल-कपट से अपना प्रचार अभियान चला रहे हैं। रामास्वामी रिपब्लिकन नामांकन की दौड़ में ट्रंप के सबसे करीबी प्रतिद्वंदी हैं। ट्रंप की ओर से यह टिप्पणी ‘आयोवा कॉकस’ से पहले आई है। आयोवा कॉकस उस लंबी प्रक्रिया की शुरुआत मानी जाती है। जिसके तहत रिपब्लिकन और डेमोक्रेट राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों का चयन करते हैं।

टी-शर्ट पर ‘सेव ट्रंप-वोट विवेक’ का नारा
दरअसल, रामास्वामी के प्रचार अभियान की ओर से ट्रंप के खिलाफ सोशल मीडिया पर सिलसिलेवार पोस्ट और टिप्पणियां की गईं। जिससे डोनाल्ड ट्रंप और उनकी टीम नाराज हो गई। उसके बाद पूर्व राष्ट्रपति की ओर से भी पलटवार किया गया। रामास्वामी ने शनिवार को आयोवा के रॉक रैपिड्स में एक कार्यक्रम में सिरकत की। इसके बाद उन्होंने युवाओं के एक समूह के साथ की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की। लेकिन, इस तस्वीर ने ट्रंप का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इन युवाओं की टी-शर्ट पर ‘सेव ट्रंप- वोट विवेक’ लिखा गया था।

छल-कपट की चालें चल रहे विवेक: ट्रंप
इसके बाद ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा कि विवेक ने अपने अभियान की शुरुआत उन्हें कई पीढ़ियों का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रपति बताकर की थी। लेकिन, अब वह छल-कपट की चालें चल रहे हैं और अपना समर्थन छिपा रहे हैं। पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि यह बहुत बड़ी चालाकी है। विवेक के लिए वोट देने का मतलब दूसरे पक्ष के लिए वोट करना है। इससे ठगे मत जाना। ट्रंप के लिए वोट करना। अपना वोट बर्बाद मत करना। उन्होंने कहा कि विवेक ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ (एमएजीए) वाले नहीं हैं। एमएजीए एक राजनीतिक नारा है। इसे ट्रंप ने 2016 के राष्ट्रपति चुनाव दौरान लोकप्रिय बनाया था। इसका इस्तेमाल ट्रंप के राजनीतिक आधार को बताने के लिए किया जाता है। यह पहली बार है जब ट्रंप और उनकी टीम ने रामास्वामी पर सार्वजनिक रूप से सीधा हमला किया है।

रामास्वामी ने फिर की ट्रंप की तारीफ
हालांकि, ट्रंप के पोस्ट के बाद रामास्वामी ने एक बार फिर उनकी तारीफ की है। रामास्वामी ने कहा कि वह ट्रंप का सम्मान करते हैं और वह 21 वीं सदी के सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रपति थे।