रणबीर की रामायण में विभीषण का किरदार निभाएंगे विजय सेतुपति? इस दिन शुरू होगी फिल्म की शूटिंग!

साउथ अभिनेता विजय सेतुपति इन दिनों अपनी फिल्म मेरी क्रिसमस को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इस फिल्म में विजय के साथ कैटरीना कैफ नजर आई हैं। इस फिल्म के बाद अब विजय सेतुपति को लेकर खबर सामने आ रही है कि वह फिल्म रामायण में दिखाई देंगे। नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ ने 2024 में रिलीज होने के लिए काफी उत्साह पैदा किया है। इस फिल्म में रणबीर कपूर, साईं पल्लवी और यश के होने की खबरें पहले से ही सामने आ रही हैं। अब फिल्म की स्टार कास्ट में विजय सेतुपति के जुड़ने की भी खबरें सामने आ रही हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विजय सेतुपति रामायण में विभीषण की भूमिका में नजर आ सकते हैं। खबर के अनुसार, नितेश और विजय के बीच चर्चा चल रही है, जिसमें विजय के रावण के भाई का किरदार निभाने का अनुमान लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है नितेश तिवारी ने हाल ही में फिल्म की कहानी पर चर्चा करने के लिए विजय के साथ एक बैठक की थी।

रिपोर्ट में बताया गया है कि विजय सेतुपति ने इस फिल्म को करने के लिए अपनी गहरी रुचि दिखाई है। इससे पहले खबर आ रही थी कि नितेश तिवारी फिल्म में कुंभकरण की भूमिका के लिए बॉबी देओल पर विचार कर रहे हैं। मगर बॉबी देओल के फिल्म में होने को लेकर फिलहाल कोई खबर सामने नहीं आई है। इसके साथ ही कहा जा रहा है कि फिल्म में एक अहम किरदार के लिए मेकर्स सनी देओल के साथ चर्चा कर रहे हैं। फिल्म की स्टार कास्ट को फाइनल करने के बाद मार्च 2024 में फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है। दर्शकों को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में देखने के लिए उनके फैंस बेहद उत्सुक हैं।

विजय सेतुपति के वर्कफ्रंट की बात करें तो, अभिनेता आखिरी बार मिस्ट्री थ्रिलर फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ में नजर आए हैं। फिल्म को दर्शकों की तरफ से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। यह फिल्म 2024 की सबसे प्रतीक्षित रिलीज में से एक थी। विजय सेतुपति के साथ फिल्म में कैटरीना कैफ की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया।