वसुंधरा राजे ने चुनाव से पहले अपने सियासी विरोधियों पर साधा निशाना , कही ये बात

राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने चुनाव से पहले अपने सियासी विरोधियों पर निशाना साधा है। वसुंधरा राजे ने कहा कि राजनीति तो आती जाती रहती है। कई बार जीते हैं। कई बार हारे हैं।

पोस्टर में शक्ल लगे या कभी नहीं लगे जब तक जनता का प्यार है। हमें किसी चीज की कमी नहीं है। राजनीति क्षेत्र में जो भी व्यक्ति होता है, उसे मन से राजनीति करनी चाहिए। वसुंधरा राजे ने कहा कि सांवरलाल जाट दिल से राजनीति किया करते थे। इसलिए आज भी लोग उन्हें और उनके कामो को याद रखते हैं। उन्होंने कहा कि दिमाग के साथ दिल नहीं लगाया तो यह जनता और नेता के बीच जो बंधन होता है वह नहीं रहेगा।

वसुंधरा राजे के साथ भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री यूनुस खान, राजपाल सिंह शेखावत, प्रताप सिंह सिंघवी समेत कई नेता मौजूद रहे। राजे के जिले में प्रवेश करते ही किशनगढ़ टोल नाके पर भाजपा नेता विकास चौधरी की ओर से स्वागत किया गया। इसके बाद राजे का पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत नगर पालिका चेयरमैन कमल पाठक के नेतृत्व में गेगल टोल नाके पर जोरदार स्वागत किया गया।

राजे ने कल्पवृक्ष के जोड़े के लच्छा बांध कर मन्नत भी मांगी। भाजपा के पूर्व देहात अध्यक्ष बीपी सारस्वत ने उन्हें कल्पवृक्ष के बारे में जानकारी दी. राजे ने पूजा अर्चना के बाद प्रदेश की उन्नति और खुशहाली की कामना की। यहां भी बड़ी संख्या में लोग राजे के स्वागत के लिए पहुंचे। विधायक रामस्वरूप लांबा के साथ बड़ी संख्या में भाजपाई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दरअसल, पूर्व सीएम शुक्रवार को अजमेर के ब्यावर विधायक शंकर सिंह की माता के निधन पर उन्हें सांत्वना देने उनके घर पहुंची थी। इस बीच उन्होंने अपने विरोधियों को संदेश भी दे दिया कि पोस्टर पर फोटो नही लगाने से जनता का प्यार कम नही किया जा सकता। राजनीति होती रहती है। लेकिन जनता जिसके साथ है। नेता वही होता है। राजे के दौरे से उनके समर्थक काफी उत्साहित नजर आए।

जिले में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे आज दौरे पर थीं. राजे का अजमेर दौरे के दौरान कई जगह स्वागत हुआ। राजे ने लोगों को संबोधित किया और कहा कि राजनीतिक दिमाग के साथ-साथ दिल से भी करनी चाहिए तभी जनता का प्यार हमें मिलता है। यहां से राजे का काफिला खरवा होते हुए ब्यावर पहुंचा। ब्यावर में विधायक शंकर सिंह रावत की माता के निधन पर सांत्वना देने पहुंची। जहां पहले से ही शोक सभा आयोजित की गई थी। शोक सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।