उत्तराखंड: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मिले धन सिंह रावत, एम्स खोलने की मांग

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने कुमाऊं मंडल के लिए एम्स खोलने की मांग रखी। उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और आगामी योजनाओं पर विचार विमर्श किया।

स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया से कहा कि केंद्र सरकार ने ऋषिकेश एम्स स्थापित किया है। इससे गढ़वाल क्षेत्र के लोगों में बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है। इसी तर्ज पर कुमाऊं मंडल में भी एम्स संस्थान खोला जाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रीय कुमाऊं मंडल क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उच्च स्तरीय अस्पताल की मांग कर रहे हैं। इसकी पूर्ति एम्स खुलने से ही की जा सकती है।

उन्होंने राज्य में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित योजनाओं के बारे में केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी। सरकार ने कोरोना महामारी की संभावित तीसरी लहर के रोकथाम की तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। जिसके तहत पूर्व से संचालित तीन मेडिकल कॉलेजों ने भी कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की रोकथाम के लिए पूरी तैयार कर रखी है। इसके अलावा राज्य में चार नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, स्वास्थ्य केंद्रों के उच्चीकरण पर काम चल रहा है।

प्रदेश में वैक्सीनेशन का कार्य तेजी से चल रहा है। जिसके तहत अब तक राज्य के एक करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। राज्य में दिसंबर माह तक शतप्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी, दून मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना भी मौजूद थे।