उत्तराखंड : ऊधमसिंह नगर की बाजी ‘हारी’ भाजपा, कांग्रेस ने किया पीछे

उत्तराखंड में भाजपा को प्रचंड बहुमत के बाद भी ऊधमसिंह नगर जिले में भाजपा, कांग्रेस से पिछड़ गई। खुद सीएम पुष्कर सिंह धामी खटीमा विस क्षेत्र से चुनाव हार गए। भाजपा इस चुनाव में सिर्फ चार सीटों पर सिमटकर रह गई।

जबकि कांग्रेस ने पिछले चुनाव की अपेक्षा चार सीटें अधिक जीतीं। पिछले चुनाव में कांग्रेस के पास जिले में सिर्फ जसपुर सीट ही थी। जबकि इस बार आंकड़ा पांच तक पहुंच गया। कांग्रेस ने दमदार तरीके से जिले में वापसी की है।

ऊधमसिंह नगर जिले के चुनावी नतीजे कांग्रेस को ऊर्जा देने वाले हैं। पिछले चुनाव में सिर्फ जसपुर सीट पर कांग्रेस कब्जा था। इस बार जसपुर के साथ ही कांग्रेस ने बाजपुर, किच्छा, नानकमत्ता और खटीमा सीट भी अपनी झोली में डाल ली। इस बार चुनाव से पूर्व कांग्रेस ने जिले से दो कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाने का दांव खेला। किच्छा से चुनाव मैदान में उतरे तिलकराज बेहड़ और खटीमा से सीएम के खिलाफ उतरे भुवन चंद्र कापड़ी को भी कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर उनका कद बढ़ाया था।

कांग्रेस का बेहड़ को किच्छा से चुनाव मैदान में उतराने का दांव एकदम सटीक रहा। यहां से 10 साल बाद कांग्रेस ने जीत दर्ज की। वहीं कापड़ी के खिलाफ सीएम धामी के चुनाव मैदान में होने के बावजूद उनका कद बढ़ाकर उन्हें कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाने की कांग्रेस की रणनीति यहां भी काम कर गई। खास बात यह कि कांग्रेस ने जिले में पांच सीटें जीतीं और भाजपा जिन सीटों पर जीती है, उन सीटों पर भी भाजपा का मार्जिन कम हुआ है। ऐसे में भाजपा के खाते में सिर्फ चार ही सीटें जिले में आईं।