उत्तराखंड चुनाव : नैनीताल-भीमताल में कांग्रेस ने शुरू किया ये काम , पूरी ताकत के साथ

नैनीताल और भीमताल विधानसभा में कांग्रेस इस बार पूरी तरह एकजुट नजर आ रही है। नैनीताल में संजीव आर्य पहले ही कांग्रेस से एकमात्र टिकट के प्रत्याशी थे। शनिवार रात को औपचारिक रूप से उनके नाम की घोषणा हो गई।

वहीं भीमताल से दान सिंह भंडारी का नाम भी तय माना जा रहा था। जिस पर मुहर लगने के साथ ही दोनों ही क्षेत्रों में कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। पर 2017 की तरह इस सीट पर कांग्रेस को इस बार भीतर से किसी तरह की नाराजगी या बगावत का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

2017 में नैनीताल सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी सरिता आर्य को हेम आर्य की बगावत का सामना करना पड़ा था। वहीं भीमताल में दान सिंह भंडारी को टिकट मिलने के बाद राम सिंह कैड़ा निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरे और जीत दर्ज की। पर इस बार दोनों ही सीटों पर कांग्रेस के भीतर किसी का विरोध देखने को नहीं मिल रहा है।