उत्तराखंड चुनाव : भाजपा-कांग्रेस का चुनावी घोषणापत्र अब कभी भी हो सकता जारी , पढ़े पूरी खबर

विधानसभा चुनाव-2022 के लिए भाजपा-कांग्रेस की प्रत्याशियों की पहली लिस्ट के बाद अब घोषणापत्र का इंतजार है। भाजपा-कांग्रेस का चुनावी घोषणापत्र अब कभी भी जारी हो सकता है।

दोनों दलों ने इसके लिए सुझाव लेने का काम पूरा कर दिया है। भाजपा ने घोषणापत्र को दृष्टि पत्र नाम दिया है। पार्टी ने बाकायदा रथ चलाकर प्रदेश भर से घोषणा पत्र के लिए सुझाव मांगे, इसके साथ ही लोगों को डिजिटल माध्यम से भी सुझाव मांगे गए, पार्टी ने दावा किया है कुल 78 हजार से अधिक सुझाव इसमें मिले हैं।

दृष्टि पत्र के संयोजक पूर्व सीएम डॉ रमेश पोखरियाल निशंक के मुताबिक पार्टी सभी वर्गों की राय इसमें शामिल करेगी। इधर, कांग्रेस का घोषणा पत्र भी अंतिम चरण में पहुंच गया है। पार्टी के प्रमुख नेताओं के लगातार दिल्ली में डटे होने से इसे अंतिम रूप देने में थोड़ा समय लगा है। घोषणा पत्र कमेटी के अध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के मुताबिक पार्टी ने सभी वर्गो से सुझाव लेकर घोषणा पत्र तैयार कर लिया है। अब इसे दस्तावेज का रूप दिया जा रहा है। जल्द ही इसे जारी कर दिया जाएगा।