उत्तराखंड : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की टपकेश्वर मंदिर में पूजा, कहा भगवान भोलेनाथ…

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आज गुरुवार को जन्मदिन हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देहरादून के टपकेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान सीएम धामी ने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान भोलेनाथ हमारे आराध्य देव हैं। आज भगवान की शरण में आया हूं। भगवान भोलेनाथ से कामना करता हूं कि प्रदेश नई ऊंचाइयों को छुए।

वहीं पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिन पर प्रदेश के युवाओं को नायाब तोहफा दिया है। उन्होंने मार्च 2022 तक प्रदेश में होने वाली सभी प्रतियोगी परीक्षाओं का आवेदन शुल्क माफ करने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक सेवा आयोग, चयन आयोग समेत अन्य भर्तियों के लिए आने वाले फार्म भरने पर युवाओं को कोई फीस नहीं चुकानी होगी।

दृष्टिबाधित बच्चों के साथ काटा केक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राष्ट्रीय दृष्टिबाधित दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान में दृष्टिबाधित बच्चों के साथ अपना जन्म दिवस मनाया और केक काटा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि संस्थान में स्कूल बस की व्यवस्था की जाएगी और 10 कंप्यूटर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पौधारोपण भी किया।