यूपी चुनाव : आम आदमी पार्टी की 13वीं सूची जारी, जाने किसे कहां से मिला टिकट?

आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को प्रदेश के विधानसभा चुनावों के लिए 12 प्रत्याशियों की एक और सूची जारी की। यह पार्टी की 13वीं सूची है और वह अब तक 377 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है।

पार्टी ने तीन विधानसभा क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी बदले भी हैं। पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने ट्वीट करके प्रत्याशियों की सूची जारी की। उन्होंने प्रत्याशियों को बधाई देते हुए जीत हासिल करने के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं। संजय सिंह ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और केन्द्रीय नेतृत्व की ओर से इन 12 प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप दिया गया है।

आम आदमी पार्टी ने आजमगढ़ के अतरौलिया से रमेश कुमार पांडेय, आजमगढ़ के मेहनगर से गीतांजलि राघव, बलिया के बेलथरा रोड से दयानंद राम, बलिया के फेफना से लक्ष्मण सेंगर, भदोई के उरई से महेन्द्र कुमार चौधरी, देवरिया से हरि नारायण चौहान, जौनपुर के मछली शहर से प्रेम चंद्र गौतम, जौनपुर के मड़ियांव से अच्छे लाल यादव, कुशीनगर के पडरौना से रवि शंकर सिंह, सोनभद्र के डुडी से पुष्पा देवी, सोनभद्र के घोरावल से जय शंकर पांडेय व संतकबीरनगर के खलीलाबाद से सुबोध यादव को टिकट दिया गया है। सुबोध यादव खलीलाबाद के पूर्व सांसद स्व. भालचंद्र यादव के बेटे हैं। एक दिन पहले ही उन्होंने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली थी।

पार्टी ने तीन विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों को बदला है। उनकी जगह नए प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। इसमें आजमगढ़ से कृपा शंकर पाठक, देवरिया के बरहज से गिरेन्द्र प्रताप यादव और महाराजगंज से अमरनाथ पासवान को टिकट दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने तीनों नए प्रत्याशियों को बधाई दी है।