यूपी चुनाव : तेज हुई सपा-भाजपा की जुबानी जंग, भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल ने कही ये बात

यूपी के चुनावी रण में सपा-भाजपा की जुबानी जंग दिन पर दिन तेज होती जा रही है। दो दिन पहले सपा की जनसभा में करहल पहुंचे मुलायम सिंह यादव को लेकर भाजपा अखिलेश यादव पर लगातार निशाना साध रही है।

सीएम योगी के बाद अब करहल सीट से भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल ने भी अखिलेश यादव की कड़ी आलोचना की। रविवार को होने वाली तीसरे चरण की वोटिंग से पहले से बघेल ने कहा कि सपा प्रमुख को चुनाव हारने का डर है। करहल में सपा की जनसभा में पहुंचे मुलायम सिंह यादव को लेकर बघेल बोले, करहल निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी अखिलेश के लिए सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को प्रचार करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

एएनआई से बातचीत के दौरान बघेल ने कहा, मुलायम सिंह यादव उनके खिलाफ बोल सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, क्योंकि सपा संरक्षक अब भी उनसे प्यार करते हैं। उन्होंने दावा किया ‘मुलायम सिंह यादव यहां अकेले नहीं आए, बल्कि उन्हें प्रचार करने के लिए मजबूर किया गया। उन्हें कमजोर निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार करना चाहिए था। सपा प्रमुख पर हमलावर हुए बघेल बोले, आमतौर पर बच्चा अपने बुढ़ापे में माता-पिता का सहारा होता है, लेकिन अखिलेश पहला बच्चा है जो बीमार पिता से करहल में नुकसान से बचने के लिए मदद मांग रहा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश डूबते जहाज के कप्तान हैं और पूर्व कप्तान से मदद मांग रहे हैं।