यूपी ब्लॉक प्रमुख चुनाव: बीजेपी और सपा में सीधी टक्कर, जाने पूरी खबर

गुरूवार को कुल आठ प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए थे। जिसमें भाजपा के हिस्से सात और एक निर्दलीय के हिस्से आई थी। शुक्रवार को नामांकन वापिसी में लोधा, अकराबाद, इगलास और अतरौली में नामांकन वापिस हो जाने से चार और ब्लॉकों पर भाजपा ने कब्जा कर लिया।

 

जिले के 12 ब्लॉकों में से पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के प्रभुत्व वाले अतरौली ब्लॉक पर गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी निवर्तमान ब्लाक प्रमुख केहरी सिंह की पत्नी राजेश्वरी देवी के निर्विरोध निर्वाचन के प्रयास विफल हो गए थे। उनके सामने एक निर्दलीय ने नामांकन किया था। इस निर्दलीय प्रत्याशी ने शुक्रवार को नाम वापस ले लिया।

इस तरह भाजपा की राजेश्वरी देवी निर्विरोध निर्वाचित की गई हैं। इसी तरह इगलास में भाजपा की भगवान देवी के सामने भाजपा से बागी होकर सपा-रालोद की संयुक्त प्रत्याशी स्नेहलता ने नामांकन किया था। यह नामांकन भी भाजपा के एमएलसी जयवीर सिंह व जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह के प्रयास से शुक्रवार को वापस हो गया और यहां भी भगवान देवी निर्विरोध निर्वाचित कर दी गई हैं।

अकराबाद में भी भाजपा के राहुल सिंह के सामने भाजपा के ही बागी अनुज प्रताप सिंह ने सपा के समर्थन से पर्चा भरा था। शुक्रवार को अनुज ने भी नाम वापस ले लिया और राहुल निर्विरोध घोषित हो गए। लोधा ब्लॉक पर भाजपा प्रत्याशी गुंजन व उनके पति हरेंद्र सिंह एडवोकेट ने पर्चा भरा था। हालांकि यह भी निर्विरोध निर्वाचन तय था।

यहां गुंजन ने पर्चा वापस लिया है और उनके पति निर्विरोध चुने गए। अब सिर्फ गंगीरी ब्लॉक पर सपा से वीरवती देवी व भाजपा से राकेश यादव व एक निर्दलीय राकेश कुमार चुनाव मैदान में हैं।

ब्लॉक प्रमुखी के चुनाव में पहली बार अलीगढ़ जिले की 12 में से 11 सीटों पर प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिए गए। शुक्रवार को नामांकन वापिसी में तीन सीटों पर नामांकन वापिस होने पर एक प्रत्याशी रह जाने के चलते निर्विरोध घोषित कर दिया गया।

अब शनिवार को गंगीरी ब्लॉक प्रमुख सीट पर भाजपा-सपा में टक्कर होगी। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान होगा। हालांकि सपा ने पहले से ही निष्पक्ष चुनाव न होने का आरोप लगाया है।

यूपी में आज ब्लाक प्रमुख के 476 पदों के लिए वोटिंग होगी। मतदान 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। उसके बाद मतगणना होगी और फिर परिणाम घोषित किये जाएंगे।

गुरुवार को हुए नामांकन दाखिले के दौरान राज्य के कई जिलों में हुए बवाल, तोड़फोड़, मारपीट और फायरिंग की घटनाओं को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने सभी तैनात प्रेक्षकों और जिलाधिकारियों को पूरी तरह से शांतिपूर्ण,निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान करवाए जाने के निर्देश दिये हैं। इससे पहले कई जिलों में भाजपा के कई प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए।