त्रिपुरा : आज माणिक साहा लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, जाने पूरी खबर

माणिक साहा आज त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वह बिप्लब कुमार देब की जगह लेंगे, जिन्होंने शनिवार को पद से इस्तीफा दे दिया। भाजपा ने आश्चर्यजनक कदम उठाते हुए राज्यसभा सदस्य माणिक साहा को त्रिपुरा का नया मुख्यमंत्री बनाया है। मालूम हो कि पूर्वोत्तर राज्य में 2018  में वाम मोर्चे के 25 साल के शासन को समाप्त कर भाजपा के सत्ता में आने के बाद देब को मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था।

मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण समारोह 15 मई को सुबह 11:30 बजे अगरतला स्थित राज भवन में होगा। डॉ साहा राज्यसभा सांसद और राज्य में पार्टी के प्रमुख हैं। यहां अगले साल मार्च में विधानसभा चुनाव होना है। डेंटल सर्जरी के प्रोफेसर डॉ साहा से पूर्वोत्तर राज्य में बहुकोणीय मुकाबले के बीच विधानसभा चुनावों में पार्टी को जीत की ओर ले जाने की उम्मीद की जाएगी, जहां तृणमूल कांग्रेस भी एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में उभरने की कोशिश कर रही है।

माण‍िक साहा त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। मुख्यधारा की राजनीति में आने से पहले वह हापनिया स्थित त्रिपुरा मेडिकल कॉलेज में पढ़ाया करते थे। साहा 2016 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। उन्हें 2020 में पार्टी प्रमुख बनाया गया और इस साल मार्च में राज्यसभा के लिए चुने गए। साहा ने खुद को मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद कहा कि मैं पार्टी का एक आम कार्यकर्ता हूं और आगे भी रहूंगा।