पर्यटकों को खूब पसंद आ रहा है उत्तराखंड का यह पर्यटक स्थल, होटलों में हो रही एडवांस बुकिंग

नैनीताल में पर्यटन सीजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों ने सैलानियों के लिए विशेष इंतजामात की पहल की है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल दिल्ली व मुंबई के पर्यटकों के लिए पहला पसंदीदा पर्यटक स्थल बना हुआ है। यही कारण है, कि नैनीताल समेत आसपास की कॉरपोरेट व अन्य होटलों में कुल एडवांस बुकिंग का 80 फीसदी पर्यटक दिल्ली और मुंबई से है।

इससे आंकलन किया जा रहा है, कि इस साल पर्यटन के कारोबार में इजाफा होगा। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार करीब दो दशक पूर्व दिल्ली और मुंबई से सबसे अधिक पर्यटक नैनीताल पहुंचता था। लेकिन बीते लंबे समय से हाई क्लास पर्यटक नैनीताल नहीं पहुंच रहा। इधर कोविड-19 के दौर में 2 साल तक पर्यटन गतिविधियां पूर्ण रूप से प्रभावित रही।

इसके बाद दिल्ली-मुंबई के सैलानियों ने नैनीताल घूमने का मन बनाया है। एडवांस बुकिंग की यदि बात की जाए तो समर सीजन के लिए 15 मई से 15 जून तक नैनीताल लगभग पैक है। इसमें कुल एडवांस का 80 फीसदी पर्यटक दिल्ली-मुंबई का है। शेष 20 प्रतिशत में यूपी समेत अन्य राज्यों का पर्यटक शामिल है।

ऐसे में कहा जा सकता है, कि दिल्ली और मुंबई के सैलानियों के लिए सबसे पसंदीदा पर्यटक स्थल नैनीताल बन गया है। नैनीताल के प्रतिष्ठित होटल अल्का के स्वामी वेद प्रकाश ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से दिल्ली-मुंबई से सैलानी नैनीताल विजिट के लिए नहीं पहुंच रहे थे। लेकिन, इस बार अधिकांश बुकिंग वहीं से हुई हैं। ऐसे में पर्यटन कारोबार बेहतर होगा।