साल में बस कुछ ही महीने मिलती है ये सब्जी, शुगर-कोलेस्ट्रॉल वालों के लिए बहुत फायदेमंद

आहार विशेषज्ञ कहते हैं, शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए भोजन में पौष्टिक चीजों को जरूर शामिल करना चाहिए। विशेषतौर पर हरी सब्जियों-फलों को विशेष लाभप्रद माना जाता रहा है। वजन कंट्रोल रखने से लेकर शुगर-कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने तक के लिए इन चीजों का सेवन फायदेमंद हो सकता है। क्या आप जानते हैं,आहार में अगर आप चनों को शामिल करते हैं तो इससे सेहत को कई प्रकार से लाभ मिल सकता है, विशेषतौर पर हरे चने का सेवन करके आप अधिकतम लाभ पा सकते हैं।

हरे चने सर्दियों में कुछ महीने ही उपलब्ध होते हैं। ये कई प्रकार के पोषक तत्वों का बेहतर स्रोत है जिसकी हमारे शरीर को नियमित रूप से आवश्यकता होती है। कई राज्यों में इसे छोलिया कहा जाता है। इसका स्वाद तो अद्भुत होता ही है, पर क्या आप जानते हैं कि ये डायबिटीज-हार्ट रोगियों के लिए बहुत लाभप्रद हो सकता है।

हरे चने में होते हैं कई पोषक तत्व

काले चने की तरह, हरे चने में भी भरपूर पोषक तत्व होते हैं। हरे चने को मुख्य रूप से फलियों की श्रेणी में रखा जाता है। हरा चना फाइबर का भंडार है। हाई फाइबर वाले खाद्य पदार्थ खाने से भोजन के बाद परिपूर्णता बनी रहती है और फाइबर से पाचन स्वास्थ्य में भी सुधार होता है। अध्ययनों में पाया गया है कि फाइबर युक्त खाद्य आपकी आंत प्रणाली को स्वस्थ रखने में तो मदद करता है साथ ही इससे शुगर को कोलेस्ट्रॉल को भी नियंत्रित रखा जा सकता है।

ब्लड शुगर होता है कंट्रोल

चने अपने, ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखने वाले गुणों के लिए जाने जाते हैं, यही कारण है कि हरे चने डायबिटीज रोगियों के लिए काफी फायदेमंद हो सकते हैं। मधुमेह को प्रबंधित करने में इससे मदद मिल सकती है। चने में मौजूद फाइबर और प्रोटीन, आपके ब्लड शुगर के स्तर को भोजन के बाद बहुत तेजी से बढ़ने से रोकने में मदद करता है। इसके अलावा चने में मौजूद पोषक तत्व मधुमेह रोगियों की सेहत को ठीक रखने में मददगार हो सकते हैं।

वजन कंट्रोल रखने में सहायक

हरा चना फाइबर का भंडार माना जाता है। उच्च फाइबर वाले खाद्य पदार्थ खाने से पेट को भरा रखने में मदद मिलती है। इसके अलावा इसमें मौजूद फाइबर भोजन के बेहतर पाचन में सहायक है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ हरे चने में मौजूद फाइबर और प्रोटीन की मात्रा के कारण इसे वजन को कंट्रोल रखने वाला खाद्य पदार्थ मानते हैं। वजन नियंत्रित रहने से डायबिटीज और हार्ट दोनों प्रकार की समस्याओं में लाभ मिल सकता है।

हृदय रोगियों के लिए इसके लाभ

हरे चने में मैग्नीशियम और पोटेशियम भी पाया जाता है, ये हृदय स्वास्थ्य को ठीक रखने और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने में सहायक है। हरे चने में सिटोस्टेरॉल नामक एक पौधों पर आधारित तत्व भी होता है जो शरीर में कोलेस्ट्रॉल के अवशोषण में को कम करता है। रक्त में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने से हार्ट की दिक्कतों में विशेष लाभ पाया जा सकता है। आहार में चने को शामिल करके आप कई प्रकार से लाभ प्राप्त कर सकते हैं।