चारधाम यात्रा करने से पहले जान ले ये बात , जारी हुई ये गाइडलाइन

केदारनाथ-बदरीनाथ सहित चारधाम यात्रा के लिए भले ही रोजाना पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या तय कर दी गई हो, पर यदि कोई यात्री रात को धामों में रुकना चाहे तो रुक सकता है।

देवस्थानम बोर्ड के सीईओ रविनाथ रमन ने बताया कि चारों धामों में यात्रियों की संख्या दर्शन करने के लिए तय की गई है। इसके बाद यात्री चाहें तो धामों में रुक सकते हैं। लेकिन उन्हें इसके लिए कोविड नियमों का पालन करना होगा। उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के दर्शन को आने वाले दूसरे राज्य के श्रद्धालुओं को स्मार्ट सिटी के अलावा देवस्थानम बोर्ड के पोर्टल पर भी पंजीकरण कराना होगा।

स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण से उन्हें राज्य में प्रवेश मिलेगा। जबकि, देवस्थानम बोर्ड के पोर्टल पर पंजीकरण से यात्रा का ई पास मिलेगा। राज्य के यात्रियों को केवल देवस्थानम बोर्ड की साइट पर पंजीकरण कराना होगा। चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकेश में यात्री सुविधा केंद्र: चारधाम यात्रा के लिए परिवहन विभाग, ऋषिकेश बस अड्डे पर यात्री सुविधा केंद्र का संचालन करेगा।

यात्रा में जाने वाले कॉमर्शियल वाहनों को अनिवार्य तौर पर ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड भी बनवाना होगा। चारधाम यात्रा को लेकर शुक्रवार शाम परिवहन मुख्यालय में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसके बाद परिवहन आयुक्त दीपेंद्र चौधरी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यात्रा संचालन को आरटीओ दून को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

जबकि एआरटीओ ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, उत्तरकाशी, कोटद्वार, टिहरी, पौड़ी एवं कर्णप्रयाग को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। विभाग ने ऋषिकेश बस अड्डे पर सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक यात्री सुविधा केंद्र भी संचालित करने का निर्णय लिया है। ओवरस्पीड पर नजर रखने के लिए भी भद्रकाली और ब्रह्मपुरी में चेकपोस्ट बनाई जाएगी। विभाग ने कॉमर्शियल वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड अनिवार्य कर दिया है। ग्रीन कार्ड ऑनलाइन जारी किए जाएंगे।