कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को देशवासियों को ईद मिलाद उन-नबी की शुभकामना दी है। इसी के साथ ही उन्होंने जम्मू और कश्मीर को लेकर एक तंज भी कस दिया।
अपने ट्वीट में प्रियंका वाड्रा ने लिखा है कि जम्मू और कश्मीर के लोगों को ईद मिलाद उन नबी की खासतौर पर मुबारकबाद क्योंकि वो 4 महीनों से मुश्किलों से गुजर रहे हैं।
वाड्रा ने अपने ट्वीट में लिखा है कि ”आप सभी को ईद मिलाद उन नबी की ढेर सारी मुबारकबाद, ख़ास तौर से जम्मू व कश्मीर के हमारे भाइयों व बहनों को जो चार महीनों से मुश्किलों व दुश्वारियों का सामना कर रहें हैं.” उल्लेखनीय है कि जम्मू और कश्मीर से 5 अगस्त को केन्द्र सरकार ने धारा 370 को हटा दिया था। तभी से घाटी में कुछ बैन लगे हुए हैं। अब इन पाबंदियों को तीन महीने से ज्यादा समय हो गया है। जम्मू और कश्मीर भी अब एक केंद्रशासित प्रदेश बना दिया गया है, किन्तु पाबंदियां नहीं हटी हैं।
इसी बात को लेकर विपक्ष समय-समय पर केन्द्र सरकार पर हमला करता रहता है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में पाबंदियों को धीरे-धीरे घटाया जा रहा है, जैसे पोस्टपेड मोबाइल सर्विस को बहाल करना, यात्रियों को कश्मीर में जाने देने की अनुमति दे दी गई है। किन्तु इसके बाद भी प्रियंका गांधी लगातार ट्वीट के माध्यम से केन्द्र सरकार, योगी सरकार पर हमला बोल रही हैं।