मौसम विभाग ने दर्ज की तापमान में गिरावट, इन राज्यों के लोगो को किया अलर्ट, अगले 24 घंटे में….

राष्ट्रीय राजधानी में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश भागों में गुरुवार को बादल छाए रहे और मौसम सूखा रहा। लाहौल स्पीति के प्रशासनिक केंद्र केलोंग में न्यूनतम तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा।

राष्ट्रीय राजधानी में मौसम का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि औसत से तीन डिग्री कम है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से सात डिग्री कम है।

मौसम विभाग ने 21 दिसंबर तक हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा और हिमपात का अंदेशा जताया है। किन्नौर जिले के काल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। मनाली में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस रहा। कुफरी में तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

शिमला और डलहौजी में तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि सोलन में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 2.1 डिग्री सेल्सियस और मंडी में 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पड़ोसी राज्य हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि कोहरे के कारण हरियाणा और पंजाब के कई स्थानों पर सुबह दृश्यता कम रही। शीत लहर के आगमन के साथ ही हिसार में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री और करनाल में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अंबाला में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि रोहतक और भिवानी में भी क्रमश: 5.6 डिग्री सेल्सियस और 6.2 डिग्री सेल्सियस पर लोगों ने कड़ाके की ठंड का अनुभव किया। पंजाब के पटियाला में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से दो डिग्री कम है जबकि बठिंडा में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना (7), गुरदासपुर (6.4), हलवाड़ा (6.1), फरीदकोट (6) और आदमपुर (6.2) भी शीत लहर की चपेट में रहे।

अमृतसर और पठानकोट में न्यूनतम तापमान क्रमशः 8 डिग्री सेल्सियस और 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा। केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में टोंक के वनस्थली में 4.4 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ शीत लहर की स्थिति बनी रही। पिलानी में तापमान 4.7 डिग्री से . दर्ज किया गया और भीलवाड़ा और चुरू में लोग 5.4 डिग्री सेल्सियस तापमान पर कंपकपाते रहे।