बढ़ती ही जा रही कोरोना की रफ्तार, सक्रिय मामले 44,513 हुए

कोरोना केस एक बार फिर से लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते दिन देश में 8,582 नए मामले सामने आए और 4,435 लोग रिकवर हुए। अब तक 4,26,52,743 लोग कोविड-19 को मात देकर ठीक हो चुके हैं। फिलहाल रिकवरी रेट 98.68% है।

देश भर में एक्टिव केस 44,513 हैं, जिसकी दर 0.10% है। डेली पॉजिटिविटी रेट 2.71% है, जबकि वीकली पॉजिटिविटी रेट 2.02% है। शनिवार को देश में 3,16,179 कोरोना टेस्ट हुए। मालूम हो कि अब तक 85.48 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं। अब तक 195.07 करोड़ वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी हैं।

महाराष्ट्र में शनिवार को कोविड के 2,922 नये मामले आए, जो शुक्रवार के मुकाबले 159 कम हैं। राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इंग्लैंड से 12 मई को लौटे पुणे के 37 वर्षीय एक व्यक्ति के बीए.5 सब-वेरिएंट से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के 3,081 नये मामले आए थे जो पिछले चार महीने में एक दिन में सामने आए सबसे ज्यादा मामले हैं। यहां शनिवार तक कुल 79,07,631 लोगों के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जिनमें से 1,47,868 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में फिलहाल कोविड के 14,858 मरीजों का इलाज चल रहा है।