देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस आज जयपुर में करेगी रैली, राहुल गांधी करेंगे…

देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस आज जयपुर में रैली करेगी। इस रैली को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी संबोधित करेंगे। कांग्रेस के मुताबिक यह रैली महंगाई के खिलाफ है।

लेकिन राजस्थान में जो तैयारियां हैं, उससे इसे राहुल गांधी के फिर से अध्यक्ष पद पर ताजपोशी की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। राजस्थान में लगे पोस्टर-बैनर और अखबारों में राहुल गांधी की तस्वीरों को खास तवज्जो दी गई है। वहीं इस रैली में देश भर से पार्टी कार्यकर्ता और अन्य प्रमुख नेता भाग लेंगे। कांग्रेस महासचिव एवं राजस्थान के प्रभारी अजय माकन ने कल कहाकि यह एक राष्ट्रीय रैली है, जिसमें अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शामिल होंगे। हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इस रैली में आएंगी या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

रैली के प्रचार-प्रसार के लिए शहर के सभी प्रमुख मार्गों और चौराहों पर बैनर-पोस्टर लग गए हैं। इन पोस्टर पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी अजय माकन और प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के चित्र हैं।

लेकिन खास बात यह है कि इनमें राहुल गांधी के फोटो को प्रमुखता दी गई है और वह हर पोस्टर के केंद्र में हैं। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को कुछ स्थानीय अखबारों के पहले पन्ने पर जो विज्ञापन दिया गया उसमें भी बीच में राहुल गांधी की ही तस्वीर है। राजनीतिक गलियारों में इसे राहुल गांधी को पार्टी का नया अध्यक्ष बनाए जाने की तैयारियों के संकेत में रूप में देखा जा रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री वी नारायणसामी ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय के बाहर कहाकि राहुल गांधी हमारे नेता हैं। हर कोई चाहता है कि वह दुबारा पार्टी अध्यक्ष बनें।