‘जनता देख रही है मुझे मंदिर जाने से रोका जा रहा’, प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार पर बरसे राहुल गांधी

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुवाहाटी पहुंच गई है। सोमवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम से मेघालय पहुंची थी और अब असम में अपने आखिरी पड़ाव के लिए फिर से असम के गुवाहाटी पहुंची है। कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी मंगलवार को गुवाहाटी में छात्रों और सिविल सोसाइटी के लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

कांग्रेस का दावा है कि उनकी योजना गुवाहाटी में रोड शो या पदयात्रा करने की थी, लेकिन सरकार ने इसकी इजाजत नहीं दी। राहुल गांधी दोपहर में कामरूप जिले के दमदमा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर के लंच के बाद राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा बरपेटा जिले में पदयात्रा करेगी। साथ ही एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे। बिष्णुपुर में न्याय यात्रा रात्रि विश्राम करेगी।

‘आपको हर किसी को सुनने की आजादी होनी चाहिए’
गुवाहाटी में छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा ‘मैं आपकी यूनिवर्सिटी आकर आपसे बात करना चाहता था और ये समझना चाहता था कि आपको किन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और यह समझना चाहता हूं कि मैं किस तरह से आपकी मदद कर सकता हूं। देश के गृहमंत्री ने असम के सीएम को फोन किया और आपके सीएम ने आपकी यूनिवर्सिटी के प्रशासन से बात कर कहा कि राहुल गांधी को यूनिवर्सिटी में छात्रों से बात न करने दी जाए। यह अहम नहीं है कि राहुल गांधी यहां आए या न आए। अहम ये है कि आपको हर किसी को सुनने की आजादी होनी चाहिए, जिसे आप सुनना चाहते हैं। यह सिर्फ असम में नहीं हो रहा है बल्कि देश के हर स्कूल कॉलेज और यूनिवर्सिटी में हो रहा है।’

पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हुई झड़प
राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को मंगलवार को गुवाहाटी में प्रवेश करने से रोक दिया गया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और बैरिकेड तोड़ दिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान नारे भी लगाए। कांग्रेस समर्थकों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। दरअसल सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने कहा था कि सड़कों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए यात्रा को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ता शहर में दाखिल होने के लिए अड़ गए। जिसके चलते खानापारा में गुवाहाटी चौक पर भारी भीड़ जमा हो गई। अब यात्रा गुवाहाटी के बाहर इलाके से होकर गुजरेगी। असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार तक रहेगी।

राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर का निर्देश
असम सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने पर एफआईआर करने का निर्देश दिया है। असम सीएम ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा कि यह असमिया संस्कृति का हिस्सा नहीं है। हम एक शांतिपूर्ण राज्य हैं और ऐसी नक्सली गतिविधियां पूरी तरह से हमारी संस्कृति के खिलाफ हैं। मैंने डीजीपी असम पुलिस को निर्देश दिया है कि वह राहुल गांधी के खिलाफ भीड़ को उकसाने के आरोप में एफआईआर दर्ज करें।

राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को किया संबोधित
राहुल गांधी ने असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पीछे न्याय की सोच है, जिसके पांच स्तंभ हैं। युवा न्याय, भागीदारी, नारी न्याय, किसान न्याय और श्रमिकों के लिए न्याय। इन्हें लेकर कांग्रेस पार्टी एक महीने में एक कार्यक्रम जनता के सामने रखेगी।’

असम में मुख्य मुद्दा बनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’
‘असम के मुख्यमंत्री, यात्रा के खिलाफ जो भी कर रहे हैं, इससे यात्रा को फायदा हो रहा है। असम में मुख्य मुद्दा अब ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ बन गई है। हमारी यात्रा का संदेश गांवों तक पहुंच रहा है। जनता देख रही है कि राहुल गांधी को मंदिर जाने से रोका जा रहा है, छात्रों से बात करने से रोका जा रहा है। ये साफ है कि विपक्ष के तौर पर कांग्रेस लड़ाई लड़ रही है।’

‘असम सीएम देश के सबसे भ्रष्ट सीएम’
राहुल गांधी ने कहा ‘भाजपा के लोग एक हाथ में झंडे पकड़े हुए हैं और दूसरा हाथ से मेरा अभिवादन कर रहे हैं। हिमंत बिस्व सरमा को लगता है कि यह विरोध है, लेकिन कोई विरोध नहीं हो रहा है। इससे साफ है कि राज्य में समस्या है। असम सीएम देश के सबसे भ्रष्ट सीएम हैं। मैं जब भी राज्य में घूमता हूं तो सभी बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और किसानों की समस्याओं की बात करते हैं। ये समस्याएं हैं और हम इन मुद्दों को उठाएंगे।’