नये अध्यक्ष का जोखिम नहीं लेना चाहेगी पार्टी, जून 2024 में चुनाव की प्रक्रिया

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को एक साल का कार्यकाल विस्तार मिलने के बाद अब यह माना जा रहा है कि पूनिया को भी एक्सटेंशन मिल जाएगा। राजस्थान में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव में 10 महीने का समय रह गया है। ऐसे में बदलाव की संभावना कम ही है।

अगर राजस्थान का प्रदेश अध्यक्ष नया बनता है तो स्वाभाविक है कि टीम भी नई बनेगी। चुनाव के समय पार्टी यह जोखिम नहीं लेना चाहेगी। जो पदाधिकारी निष्क्रिय हैं, उनको बदला जा सकता हैं।

पार्टी के संविधान के अनुसार आधे से ज्यादा राज्यों में चुनाव होने के बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होता है। राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ ने पिछले दिनों कहा था कि जब तक पार्टी में चुनाव नहीं हो जाते, तब तक जो पदाधिकारी जहां है, वहां काम करेगा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्‌डा का कार्यकाल बढ़ाया जाना पहले से ही तय था। इसीलिए उनका कार्यकाल पूरा होने से पहले पार्टी में चुनाव प्रक्रिया शुरू नहीं हुई। अब नड्‌डा का कार्यकाल एक साल बढ़ ही गया है तो पार्टी में चुनाव की प्रक्रिया जून 2024 में शुरू होगी।

विधानसभा चुनावों को देखते हुए आलाकमान ने कई राज्यों मंे उसी टीम को बरकरार रखा है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे है कि पूनिया को भी पार्टी एक साल और बिना चुनाव के प्रदेशाध्यक्ष पर बनाए रखेगी।

मदनलाल सैनी के जून 2019 में निधन के बाद सतीश पूनिया को 14 सितंबर 2019 को राजस्थान भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया था। बाद में 27 दिसंबर 2019 को पूनिया को संगठन की चुनाव प्रक्रिया के तहत निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया। उनका तीन साल का कार्यकाल 27 दिसंबर को पूरा हो चुका है।