कोरोना के नए वेरिएंट से पूरी दुनिया में मचा हड़कंप, फिर लौटा पाबंदियों का दौर

कोरोना के नए वेरिएंट से पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया है। दक्षिण अफ्रीका में मिले कोरोना के ओमीक्रोन वेरिएंट से पूरी दुनिया खौफ में है और एक बार फिर से पाबंदियों के दिन लौटने लगे हैं।

भारत में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को फिर से बंद करने पर विचार किया जा रहा है, जबकि कई देशों ने साउथ अफ्रीका पर बैन लगा दिए हैं। अमेरिका के न्यूयॉर्क प्रांत में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ‘ओमीक्रोन’ के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर आपात स्थिति की घोषणा की गई है। न्यूयॉर्क की गर्वनर कैथी होचुल ने अपने कार्यकारी आदेश में इसका ऐलान किया।

वहीं, अमेरिका, सऊदी अरब, श्रीलंका, ब्राजील समेत अन्य कई देशों ने भी अफ्रीकी देशों के विमानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि, दक्षिण अफ्रीकी स्वास्थ्य मंत्री ने इन बैन को अनुचित बताया है।

न्यूयॉर्क की गर्वनर ने कहा, नए वेरिएंट ‘ओमीक्रोन’ के संक्रमण को लेकर न्यूयॉर्क में इस वक्त कुछ ऐसा देखा जा रहा है, जैसा कि पिछले वर्ष अप्रैल के बाद ऐसा नहीं देखा गया। पिछले एक महीने में अस्पतालों में संक्रमण के रोगियों के भर्ती होने की संख्या में इजाफा हुआ है। एक-एक दिन में 300 से अधिक मरीज भर्ती हो रहे हैं।

इसलिए मैं 15 जनवरी 2022 तक पूरे न्यूयॉर्क प्रांत में आपातकाल की घोषणा करती हूं। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क में इस आपातकाल में अस्पतालों की क्षमता बढ़ाई जाएगी और टीकाकरण में तेजी लाई जाएगी। होचुल ने दक्षिण अफ्रीका में पाए गए कोरोना के नए खतरनाक वेरिएंट ओमीक्रोन पर चिंताओं के बीच प्रांत में आपातकाल की घोषणा की है।

दक्षिण अफ्रीका में मिला कोरोना का नया वेरिएंट तेजी से दुनिया में फैल रहा है। हांगकांग और बोत्सवाना के बाद शुक्रवार को इजराइल और बेल्जियम में भी नए वेरिएंट से संक्रमित लोग मिले हैं।

इसके बाद ब्रिटेन, ऑस्ट्रिया, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली और नीदरलैंड ने अफ्रीकी देशों से आनी वाले विमानों पर बैन लगा दिया। अब अमेरिका, सऊदी अरब, श्रीलंका, ब्राजील समेत कई देशों ने भी अफ्रीकी देशों की फ्लाइट पर रोक लगा दी है।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि सोमवार से दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना, जिम्बाब्वे, नामीबिया, लेसोथो, एस्वातिनी, मोजाम्बिक और मलावी से हवाई सफर करने पर रोक लगा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी प्रशासन अभी भी इस नए वेरिएंट के बारे में जानकारी जुटा रहा है। साथ ही उन्होंने अमेरिकियों और दुनिया के अन्य देशों के लोगों से अपील की कि वे वैक्सीन लगवाएं।