मेरठ के कांग्रेसियों को लगा बड़ा झटका , प्रियंका गांधी ने किया ऐसा…

प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेसियों का अतिउत्साह और बड़बोलापन भारी पड़ रहा है। प्रदेश अथवा केंद्रीय नेतृत्व ने मेरठ में 30 नवंबर की रैली फाइनल नहीं की थी और यहां कांग्रेस नेताओं ने इसकी घोषणा कर दी।

एक बार फिर मेरठ के कांग्रेसियों को झटका लगा है। 30 नवंबर को रैली नहीं हो रही है। दो दिसंबर को प्रियंका गांधी मुरादाबाद आएंगी। वहीं पर मेरठ से भी कांग्रेसी जाएंगे।

मेरठ कैंट विधानसभा की बैठक गली नंबर पांच मंगलपुरी सेंट पॉल पब्लिक स्कूल कंकरखेड़ा में हुई। मुख्य अतिथि यूपी कांग्रेस सचिव व महानगर प्रभारी नसीम खान रहे। अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी, संचालन अखिल कौशिक ने किया।

इसका प्रमुख एजेंडा कांग्रेस सदस्यता अभियान व दो दिसंबर को मुरादाबाद में होने वाली प्रियंका गांधी की प्रस्तावित महारैली रही। बैठक में महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, प्रभारी, वार्ड अध्यक्ष, फ्रंटल अध्यक्ष, आवेदक व कांग्रेसी उपस्थित रहे। कांग्रेसी बस से मुरादाबाद जाएंगे।

दूसरी ओर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी ने कहा कि उनकी बेटी की 25 नवंबर की शादी थी। प्रियंका गांधी की रैली महानगर में होने थी, इसलिए उन्होंने आग्रह किया तो उनका आग्रह स्वीकार करते हुए कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व में 30 नवंबर के बजाए रैली के लिए अगली नई तिथि तय करने को कहा। कहा कि अगले महीने रैली होगी। प्रियंका गांधी मेरठ आएंगी। दूसरी ओर देहात क्षेत्र में कांग्रेस नेत्री शबी खान और युवा कांग्रेस अध्यक्ष युगांश राणा ने सदस्यता अभियान चलाया।