गृह मंत्रालय ने खोली ममता सरकार की नींद, अब कोलकाता के इन इलाको को पुलिस ने किया सील

कोरोना के बढ़ते हुए मामलों के बाद भी पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में लॉकडाउन का सख्ती से पालन नहीं किया जा रहा था। जिस पर गृह मंत्रालय की ओर से कड़ी आपत्ति जताई गई। जिसके बाद ममता सरकार नींद से जागी और कोलकाता के संवेदनशील इलाकों को सील किया।

गृह मंत्रालय को जानकारी मिली थी कि कोलकाता के राजाबाजार, नरकेलडांगा, तोपसिया, गार्डन रीच और मनिकतला में लॉकडाउन के दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। साथ ही लोग भी यहां पर लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं। मामले की जानकारी मिलते ही 10 अप्रैल को गृह मंत्रालय की ओर से ममता सरकार को एक पत्र लिखा गया।

जिसके बाद कोलकाता पुलिस हरकत में आई और नरकेलडांगा मेन रोड, राजाबाजार क्रासिंग को सील कर दिया। वहीं शुक्रवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि संवेदनशील इलाकों में सशस्त्र बलों की तैनाती की जा रही है।