अवैध खनन, ड़ेंगू, आपदा राहत बचाव कार्यो को लेकर कठघरे में उत्तराखंड सरकार

कांग्रेस ने अवैध खनन, ड़ेंगू, आपदा राहत बचाव कार्यो को लेकर सरकार को कठघरे में किया। शनिवार दोपहर को राजीव भवन में मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि डेंगू महामारी की तरह फैल रहा है। अस्पतालो में मरीजों को रखने की जगह तक नही बची। सरकार के सारे इंतज़ाम नाकाम साबित हुए हैं।

मुख्यमंत्री खुद स्वास्थ्य विभाग देख रहे हैं। इसके बावजूद हालात खराब हैं। डेंगू को रोकने के लिए सरकार तत्काल कदम उठाएं।उत्तरकाशी के आराकोट क्षेत्र में आई आपदा को लेकर भी सवाल उठाया। कहा कि सरकार आपदा प्रभावितों तक राहत तक नही पहुंचा पाई। बागवानों की सेब की फसल बर्बाद हो रही है। आपदा प्रभावित लोग परेशान हैं

उनके पास खाने के लिए पर्याप्त मात्रा में राशन तक नहीं है।अवैध खनन को लेकर प्रीतम सिंह ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कालसी में निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजना के निर्माण में अवैध खनन का इस्तेमाल हो रहा है। दिसंबर 2018 से जून 2019 तक नदी में खूब अवैध खनन किया गया। उन्होंने स्थानीय तहसीलदार की भूमिका को भी कठघरे में किया। जांच रिपोर्ट में अवैध खनन की पुष्टि होने बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही। बल्कि जांच रिपोर्ट को दबाया जा रहा है।

पूर्व सीएम की किराया माफी का विरोध
प्रीतम ने कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति कमजोर है। कर्ज़ ले लेकर कर्मचारियों का वेतन दिया जा रहा है। माननीय हाईकोर्ट ने सभी पूर्व सीएम से बाजार दर पर सरकारी कोठियों का किराया वसूलने के आदेश दिये थे। उस व्यवस्था को ही रखना चाहिए था। अध्यादेश लाने की जरूरत ही नही थी। कांग्रेस इसका विरोध करती है।