सरकार बोली- रात के 10 बजे तक लग सकते हैं टीके, कोई समय सीमा नहीं…

भारत में कोविड टीकाकरण केंद्रों (CVC) की कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है और रात के 10 बजे तक लोगों को वैक्सीन लगाने का काम किया जा सकता है। भारत सरकार ने सोमवार को ये जानकारी दी।

इसके मुताबिक CVC के संचालन की कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव डॉ मनोहर अगनानी द्वारा राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को लिखे खत में कहा गया, “कोविड टीकाकरण केंद्रों के संचालन की कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है। सेशन टाइमिंग किसी विशेष सीवीसी में मांग और आवश्यकता के आधार पर तय किया जा सकता है। सीवीसी की टाइमिंग फ्लेक्सिबल है और रात के 10 बजे तक हो सकती है।”

भारत सरकार ने ये स्पष्टीकरण ऐसे समय में जारी किया है जब आज यानी 10 जनवरी से उच्च जोखिम वाले स्वास्थ्य व अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता, और कोमोरबिडिटीज वाले वरिष्ठ नागरिकों के लिए कोरोना की बूस्टर डोज दी जानी शुरू हुई है।

सरकार ने कहा, “हमें ये जानकारी मिली है कि कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का मानना है कि कोविड टीकाकरण केंद्र केवल दिन के 8 बजे से रात के 8 बजे तक खुले रह सकते हैं। लेकिन ऐसा नहीं है।

किसी भी तरह की कोई लिमिट तय नहीं की गई है। सेशन टाइमिंग को मांग और आवश्यकता के आधार पर तय किया जा सकता है।” स्वास्थ्य मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव ने कहा कि अगर डिमांड बढ़ती है तो उसी के हिसाब से टीमें भी बढ़ाई जी सकती हैं।

कुछ समय पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में 15 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों को कोरोना वैक्सीन की डोज दिए जाने का ऐलान किया था। इसके अलावा पात्र लोगों को कोरोना वैक्सीन की तीसरी डोज लगाने की भी घोषणा की थी।

सरकार इसे बूस्टर के बजाय प्रिकॉशन (एहतियाती) डोज कह रही है। जहां 15 से 18 आयु वर्ग के लिए वैक्सीन तीन जनवरी से लगना शुरू हो गया है वहीं अब पात्र आबादी के लिए 10 जनवरी से तीसरी खुराक दिए जाने का कार्यक्रम शुरू हुआ। Co-WIN ऐप पर प्रिकॉशन डोज के लिए रजिस्ट्रेशन 8 जनवरी से शुरू हुआ था।