बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने किया ये काम , अखिलेश यादव के साथ…

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। सपा ने दोनों नेताओं की मुलाकात की एक फोटो को ट्वीट किया और इसमें कहा कि यह दोनों नेताओं की शिष्टाचार मुलाकात है। आरएस कुशवाहा की अखिलेश से मुलाकात के बाद यह चर्चाएं तेज हो गई हैं कि जल्द ही वे सपा का दामन थाम सकते हैं।

आरएस कुशवाहा बसपा में पहले प्रदेश अध्यक्ष हुआ करते थे, लेकिन मायावती ने उन्हें हटाकर राष्ट्रीय महासचिव बना दिया। महासचिव बनाए जाने के बाद कुशवाहा की पार्टी के अंदर सक्रियता कम हो गई है। सूत्रों का कहना है कि वे अपने को पार्टी के अंदर अपेक्षित महसूस कर रहे हैं। यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस मुलाकात को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

कुशवाहा ने इसे अखिलेश से शिष्टाचार भेंट बताया है। उन्होंने सपा मुखिया से हुई बातचीत या फिर सपा में कब शामिल हो रहे हैं इसके बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया है। कुशवाहा लखीमपुर के रहने वाले हैं।

पूर्व में विधायक और विधान परिषद सदस्य रह चुके कुशवाहा ने वर्ष 2009 में रायबरेली से कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। बसपा से निष्कासित वरिष्ठ नेता लालजी वर्मा और राम अचल राजभर इसके पहले अखिलेश से मुलाकात कर चुके हैं। उस मुलाकात को भी एक शिष्टाचार भेंट बताया गया था।

रामअचल राजभर, लालजी वर्मा और आरएस कुशवाहा बसपा के कद्दावर नेता रहे हैं। तीनों तीने पिछड़े वर्ग से आते हैं और इनकी अपने समाज में अच्छी पकड़ बताई जाती है। भाजपा लहर में भी रामअचल राजभर और लालजी वर्मा वर्ष 2017 में अपनी विधायकी बचाए रखने में सफल रहे थे।