पूर्व सीएम हरीश रावत ने की ये बड़ी घोषणा, कहा सत्ता में आए तो बनाएंगे…

कांग्रेस सत्ता में आने के बाद सवर्ण समाज के गरीबों की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए ब्राह्मण कल्याण आयोग बनाएगी। साथ ही प्रदेश में स्थित पांचों पवित्र प्रयागों में भगवान परशुराम जी की प्रतिमाएं भी स्थापित कराई जाएंगी।

पूर्व सीएम हरीश रावत ने मंगलवार को यह घोषणा की। राजीव भवन में हुए कार्यक्रम में ब्राह्मण युवजन सभा ने रावत के सामने इस संबंध में मांगें रखी थीं।

रावत की घोषणा के बाद सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भृगुवंशी पंडित आशुतोष पांडे ने उत्तराखंड में कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सभा अब तक भाजपा का समर्थन करती आ रही थी। भाजपा में समाज को यथोचित सम्मान नहीं दिया जा रहा है बल्कि अपमान किया जाने लगा है। सभा पूरे प्रदेश में परशुराम रथ यात्रा निकालते हुए भाजपा के खिलाफ पोल खोल अभियान छेडे़गी।

पांडे ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय भाजपा के संस्थापकों में शामिल थे। उनके प्रपौत्र न्यायविद चन्द्रशेखर पंडित भुवनेश्वर दयाल उपाध्याय के ‘हिन्दी से न्याय’ अभियान को दबाने के लिए भी भाजपा सरकारों ने साजिश रची। पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि भाजपा ने हर समाज को अपमानित करने का काम किया है। उत्तराखंड में भी देवस्थानम बोर्ड को थोपकर पंडा-पुरोहित समाज का अपमान किया।