सामने आने लगे कर्नाटक विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजे , कांग्रेस को मिल रही इतनी सीटें…

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजे आने लगे हैं। आज तक एग्जिट पोल में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर दिखी है।हैदराबाद कर्नाटक क्षेत्र में कांग्रेस को 32 सीटें मिल रही हैं।

यहां भाजपा को बहुत बड़ा झटका लगा रहा है और उसे यहां 7 सीटें ही मिलने की उम्मीद है। वहीं जेडीएस यहां 3 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। इस इलाके में आदिवासी एवं दलित समुदायों की बड़ी आबादी है। मल्लिकार्जुन खड़गे भी यहीं के रहने वाले हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस को खड़गे को प्रमोट करने का फायदा यहां मिल सकता है।

आज तक-माय एक्सिस के एग्जिट पोल के मुताबिक तटीय कर्नाटक की 19 सीटों में से भाजपा को 16 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा कांग्रेस को यहां 3 सीटों से ही संतोष करना पड़ेगा। वोट शेयर के लिहाज से यहां भाजपा 50 फीसदी वोट पा सकती है, जबकि कांग्रेस को 40 फीसदी मत मिलने की संभावना है।

बेंगलुरु सिटी क्षेत्र की 28 सीटों पर भी कांग्रेस को बड़ी बढ़त मिल रही है। इस इलाके में कांग्रेस 44 फीसदी वोट शेयर मिल रहा है। भाजपा को यहां 38 फीसदी वोट ही मिलने की संभावना है, जबकि जेडीएस को 15 पर्सेंट वोट ही मिल रहे हैं। सीटों की बात करें तो कांग्रेस को यहां 17 सीटें मिलने का अनुमान है और भाजपा को इस क्षेत्र में 10 सीटें ही हासिल होंगी। वहीं जेडीएस का प्रदर्शन यहां भी खराब दिख रहा है और उसे एक ही सीट मिलेगी।