डीजे की धुन पर महिलाओं के साथ नाचने की जिद पर मचा बवाल, अचानक घुस आए…

लखनऊ के सआदतगंज में डीजे की धुन पर महिलाओं के साथ नाचने की जिद पर बवाल हो गया। मान मनौव्वल करने पर भी बात नहीं बनी। इसके बाद बारातियों और अराजक तत्वों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

झगड़ा होते देख बारात में शामिल महिला और बच्चे सहम गए। चीख पुकार मचने पर पुलिस को सूचना दी गई। इस बीच अराजक तत्व भीड़ का फायदा उठाते हुए भाग निकले।

दुबग्गा निवासी शखावत के बेटे की रविवार को शादी थी। कैंपबेल रोड स्थित अमान लॉन के लिए बारात जा रही थी। देर रात बाराती लॉन से थोड़ी दूर पहुंच कर डांस करने लगे। परिवार की महिलाएं और बच्चियां भी खुशी से डीजे की धुन पर झूम रहीं थीं। इस दौरान ही अन्जान युवक बारात में घुस आए। काफी देर तक तो किसी का ध्यान नहीं गया।

इस बीच महिलाओं ने अन्जान लोगों को नाचते देख आपत्ति जता दी। जिसका बारातियों ने विरोध किया। शखावत और उनके रिश्तेदारों ने युवकों को वहां से जाने के लिए कहा। लेकिन कोई उनकी बात सुनने को तैयार नहीं था। उल्टे युवकों ने बारातियों से अभद्रता करना शुरू कर दिया था। इस दौरान एक युवक ने बेल्ट निकाल कर चलाना शुरू कर दिया।

बारात के बीच में बेल्ट चलने से महिलाएं और बच्चे घबरा कर भागने लगे। हमले के विरोध में बारातियों ने एक युवक को दबोच कर पीट दिया। साथी को फंसते देख अन्य युवक भी बारातियों पर टूट पड़े। जिसके बाद जमकर मारपीट हुई। जिसमें कई लोग चोटिल हुए हैं। हंगामें के बीच सआदतगंज पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के आने की आहट मिलते ही मारपीट कर रहे अराजक तत्व भीड़ का फायदा उठाते हुए भाग निकले।