प्याज की बढ़ी कीमतों के खिलाफ कांग्रेसियों ने विधानसभा के बाहर इस तरह से किया विरोध प्रदर्शन

प्याज की बढ़ी कीमतों के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेसियों ने विधानसभा के बाहर दिल्ली सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों का ये प्रदर्शन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी के नेतृत्व में किया गया है। वहीं पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे सभी प्रमुख नेताओं को हिरासत में ले लिया है।

प्याज की माला पहन किया प्रदर्शन

मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्याज की माला पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा इन लोगों ने राज्य और केंद्र सरकार पर जमाखोरों की मदद करने का आरोप लगाया है।
: अभी-अभी यहां भीषण हादसा, बस और कमांडर की टक्कर में 5 की मौत, कई घायल

पुलिस ने प्रमुख नेताओं को लिया हिरासत में

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने धरना कर रहे नेताओं को जबरन उठा दिया और अपने साथ लेती गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली की केजरीवाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इससे पहले हाल ही में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्याज की माला पहनकर प्रदर्शन किया था।

केंद्र पर लगाया प्याज की आपूर्ति रोकने का आरोप

वहीं दूसरी ओर केजरीवाल सरकार ने केंद्र सरकार पर प्याज की आपूर्ति रोकने का आरोप लगाया है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाते हुए कहा है कि, दाम बढ़ाने के लिए जानबूझकर प्याज की आपूर्ति बंद कर दी गई। मनीष सिसोदिया ने कहा कि, केंद्र सरकार ने पत्र लिखकर कहा था कि 56 हजार मीट्रिक टन प्याज स्टॉक में है। उन्होंने कहा कि, 5 सितंबर को ये पत्र लिखा गया था। फिर अचानक दिल्ली में प्याज की आपूर्ति को क्यों रोक दिया गया। सिसोदिया ने प्रतिदिन 10 गाड़ी प्याज देने की मांग की है, जिससे दिल्ली सरकार आम जनता को 23.90 रुपये किलो में प्याज बांट सके।