श्रीलंका में आया सबसे बड़ा आर्थिक संकट , लगाया गया आपातकाल और कर्फ्यू

श्रीलंका इस समय अपने सबसे बड़े आर्थिक संकट की मार झेल रहा है। ईंधन व भोजन की भारी कमी के बीच देश में आपातकाल और कर्फ्यू लगाया गया है। लोग इसके खिलाफ सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

श्रीलंका को इस स्थिति में पाता देख पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने और कुमार संगकारा सहित कई क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां किया है।

जयवर्धने और संगकारा इस समय भारत में ही हैं और वे आईपीएल में अपनी-अपनी टीमों के साथ हैं। जयवर्धने मुंबई इंडियंस के कोच हैं जबकि संगकारा राजस्थान रॉयल्स के डायरेक्टर हैं। हालांकि देश से दूर रहने के बाद भी इन क्रिकेटरों से अपने देश की ऐसी हालत देखी नहीं जा रही है।

जयवर्धने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके बताया कि वह देश के मौजूदा हालात से काफी दुखी हैं। उन्होंने कहा, ‘श्रीलंका में आपातकाल और कर्फ्यू को देखकर मैं काफी दुखी हूं। सरकार लोगों की आवश्यकताओं को नजरअंदाज नहीं कर सकती। इन लोगों को विरोध करने का अधिकार है। ऐसा करने वाले लोगों को हिरासत में लेना सही नहीं है।

मुझे उन बहादुर श्रीलंकाई वकीलों पर गर्व है, जो उनके बचाव के लिए आगे आए हैं। सच्चे नेता अपनी गलतियों को स्वीकार करते हैं। देश की अर्थव्यस्था को कंट्रोल करने के लिए कुछ लोगों ने जनता का विश्वास खो दिया है। यह समय बहाने बनाने का नहीं बल्कि सही काम करने का है।’

जयवर्धने के अलावा पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा ने भी इंस्टाग्राम पर लिखे अपने पोस्ट में कहा, ‘श्रीलंका इस समय ​कठिन दौर से गुजर रहा है। लोगों में फैली निराशा और उनके परिवारों के संघर्ष को देखकर मेरा दिल टूट रहा है। लोग अपनी आवाज उठा रहे हैं और समाधान के लिए पूछ रहे हैं। जहां कुछ उस आवाज पर गुस्से और नाराजगी में बदल रहे हैं तो वहीं कुछ इसका गलत फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों के भविष्य को बचाना चाहिए।’

इन दोनों दिग्गजों के अलावा और भी कई श्रीलंकाई क्रिकेटरों ने देश में जारी आर्थिक संकट पर निराशा जाहिर की है। इनमें वानिंदु हसरंगा और भानुका राजपक्षे जैसे क्रिकेटर्स शालिम हैं। ये श्रीलंकाई खिलाड़ी भी इस समय भारत में ही हैं और आईपीएल 2022 में अपनी-अपनी टीमों के लिए खेल रहे हैं।