श्रीलंकाई नौसेना ने 12 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, नौकाओं को भी जब्त किया

श्रीलंका की नौसेना ने 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है। उन पर द्वीप राष्ट्र के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने का आरोप है। मछुआरों की नौकाएं जब्त कर ली गई हैं। एक आधिकारिक बयान में रविवार को यह जानकारी दी गई है नौसेना ने एक बयान में कहा गया कि मछुआरों को उत्तरी जाफना प्रायद्वीप में कराईनगर तट से शनिवार को गिरफ्तार किया गया। उनकी तीन नौकाओं को भी जब्त कर लिया गया है। इसमें आगे कहा गया है कि उन्हें कार्रवाई के लिए कांकेसंथुरई बंदरगाह ले जाया गया है।

भारत और श्रीलंका के बीच मछुआरों के मुद्दे पर लंबे समय से विवाद है। पिछले साल श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों ने भारतीय मछुआरों पर अपने जलक्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने का आरोप लगाया था और पाक जलडमरूमध्य में उन पर गोलीबारी कर दी थी। उनकी नौकाओं को भी जब्त कर लिया गया था। पाक जलडमरूमध्य तमिलनाडु को श्रीलंका से अलग करने वाली एक संकरी प्टी है। यह दोनों देशों के मछुआरों के लिए मछली पकड़ने का समृद्ध क्षेत्र है।

श्रीलंका के अधिकारियों द्वारा भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किए जाने की घटना समय-समय पर होती रही हैं। बीते साल 2023 में द्वीप राष्ट्र की नौसेना ने श्रीलंकाई जल क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश के लिए 240 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 35 नौकाओं को जब्त किया गया।