बदायूं का मैदान छोड़ रहे सपा प्रत्याशी, एक भाग गए… दूसरे भी जाने की तैयारी में

बदायूं क्लब मैदान में मंगलवार को प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा प्रत्याशी बदायूं के मैदान छोड़कर भाग रहे हैं। पहले एक आए थे, जो छोड़कर चले गए। दूसरे भी जाने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव माफियाराज बनाम कानून के राज में है। भारतीय जनता पार्टी कानून के राज में विश्वास करती है। कानून के राज को स्थापित करने में विश्वास करती है। चुनाव भ्रष्टाचार बनाम जीरो टालरेंस पर है।

मुख्यमंत्री ने सपा व कांग्रेस को स्वार्थ का परिवार बताया। कहा कि यह चुनाव फैमिली फर्स्ट बनाम नेशन फर्स्ट के बीच होने जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेृतत्व में भारत आज दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। उन्होंने अमृतकाल में विकसित भारत का संकल्प लिया है।

मंच पर माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी, बिल्सी के विधायक हरीश शाक्य, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप, बदायूं लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य, सांसद संघमित्रा मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव आदि जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।