सोनिया गांधी ने रायबरेली के वोटर्स से की ये खास अपील, करने को कहा ऐसा…

यूपी विधानसभा चुनाव में तीन चरणों का मतदान हो चुका है। चौथे चरण का मतदान 23 फरवरी को है। इस बीच सोमवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष और रायबरेली से सांसद सोनिया गांधी ने अपने निर्वाचन जिले के मतदाताओं के लिए वर्चुअल संदेश जारी किया।

उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर रायबरेली के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाओं पर मोदी-योगी सरकार ने रोक लगा दी। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस के लिए सोमवार को सोनिया गांधी ने पहली बार प्रचार किया।

सोनिया गांधी ने कहा कि यह चुनाव आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। पिछले पांच साल में आपने ऐसी सरकार देखी जिसने आपमें अलगाव पैदा करने के अलावा कुछ काम नहीं किया। किसान भाई-बहन इतनी मेहनत से फसल उगाते हैं। इन पांच सालों में आपको न तो फसलों का दाम मिला और न खाद और न ही सिंचाई की सुविधाएं। आप पर कर्ज का बोझ है और आवारा पशु आपकी फसलों को बर्बाद कर देते हैं। यही हाल नौजवानों का है।

सोनिया गांधी ने कहा कि नौजवान अपने आने वाले कल के लिए मेहनत से पढ़ाई, नौकरी की तैयारी करते हैं लेकिन भाजपा सरकार ने उनको नज़रअंदाज किया।

सरकारी नौकरियों के 12 लाख पद खाली पड़े हैं लेकिन नौजवानों को नौकरियां नहीं दी गईं हैं। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, सरसों तेल के दाम इतने बढ़ गए कि आम लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया। बहनें पाई-‘पाई जोड़कर घर चलाती हैं लेकिन महंगाई ने उनका जीवन दूभर कर दिया।

सोनिया ने कहा कि आपने हाल में ही कोरोना का कठिन समय देखा है। एक तरफ कोरोना काल में अस्पताल में बेड, दवाइयां, आक्सीजन नहीं मिला। लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया।

दूसरी तरफ लॉकडाउन में लोगों के काम-धंधे बंद हो गए। उन्होंने मीलों पैदल सफर करने की पीड़ा झेली। लेकिन मोदी-योगी सरकार ने एक गैरजिम्मेदार सरकार का परिचय देते हुए लोगों की तकलीफों की ओर से मुंह मोड़े और आंखें बंद रखीं। इतना ही नहीं लॉकडाउन में आम लोगों के प्रति उनका व्यवहार ठीक नहीं था। सरकार ने उन्हें कोई राहत नहीं दी।

सरकार ने आपका बोझ हल्का करने की बजाए आपकी मेहनत से बनाई गईं सरकारी कम्पनियों को अपने चहेतों को कौड़ियों के भाव बेच दिया। हम आपके क्षेत्र के लिए विकास की कई योजनाएं लेकर आए लेकिन मोदी-योगी सरकार ने उन सभी पर रोक लगा दी। रायबरेली के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी की राजनीति सेवा और सबको अधिकार देने की है। कांग्रेस ने मनरेगा जैसे कानून बनाकर लोगों को रोजगार का अधिकार दिया। इससे लोगों का जीवन बेहतर बना लेकिन अफसोस की बात है कि संकट के समय इसका बजट बढ़ाने की बजाए घटा दिया गया। कांग्रेस ने कोरोना काल में भी सेवा की।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी नई राजनीति का विजन लेकर आई है। इसमें युवाओं को रोजगार, महिलाओं को अधिकार, किसान बहनों-भाइयों को सुविधाएं और आम जनों को महंगाई से निजात दिलाने की योजना है। पार्टी ने महिलाओं के लिए शक्ति विधान, युवाओं के लिए भर्ती विधान और विकास के लिए उन्नति विधान तैयार किया है।

उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि प्रियंका ने इस बार 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिए हैं। पिछले पांच सालों में हमारे कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की है। जनता के लिए संघर्ष करते हुए 18 हजार कार्यकर्ता जेल भेजे गए। सोनिया गांधी ने खुद को रायबरेली के लोगों के परिवार का हिस्सा बताते हुए कहा जिले के सभी कांग्रेस उम्मीदवारों को वोट देने की अपील की।