सात माह पहले परिवार ने खरीदी ‘मौत’, भागने का मौका तक नहीं दिया, छह की ली जान

पंजाब में जालंधर में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से मातम पसरा है। पूरे शहर में इस घटना की चर्चा है। परिवार ने सात महीने पहले जिस चीज को खरीदा, क्या पता था कि वही पूरे परिवार का काल बन जाएगी।

भाजपा कार्यकर्ता के परिवार की खुशियां चंद मिनटों में तबाह हो गईं। बताया जा रहा है कि फ्रिज का कंप्रेशर फटने से यह हादसा हुआ है। टहलने निकले लोगों ने घर से धुआं निकलते देखा तो हादसे का पता चला। पूरा परिवार एक साथ भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया का मैच देख रहा था। हादसा इतना भयानक था कि भागने तक का मौका नहीं दिया।

हादसा जालंधर के अवतार नगर के गली नंबर-12 में हुआ। यशपाल घई के भाई राज घई का कहना है कि परिवार ने सात महीने पहले डबल डोर वाला एक फ्रिज खरीदा था। फ्रिज का कंप्रेशर फटने के कारण यह हादसा हुआ है।

इनकी गई जान
हादसे में यशपाल घई, उनकी बहू रुचि, पोतियां दीया व मंशा और पोते अक्षय जिंदा जल गए। यशपाल के बेटे इंद्रपाल सिंह गंभीर झुलसे थे। मगर सोमवार सुबह उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

पल भर में पूरे परिवार के तबाह होने की घटना से जालंधर में सनसनी है। परिवार में सिर्फ यशपाल घई की बुजुर्ग पत्नी बची है। हादसा रविवार की रात हुआ। रात करीब साढ़े नौ बजे खाना खाने बाद टहलने निकले लोगों ने घर से धुआं निकलते देखा। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। दमकल विभाग ने मोर्चा संभाला और लोगों को बाहर निकाला।

पुलिस अधिकारी हरदेव सिंह ने मुताबिक अभी तक जांच में सामने आया है कि फ्रिज की गैस लीक होने के कारण धमाका हुआ था। गैस लीक होने से परिजनों का दम घुट गया। वे बाहर भी नहीं निकल सके। उधर, एक पड़ोसी का कहना है कि उन्हें सिलिंडर या कंप्रेशर फटने की आवाज नहीं आई। जब वह खाना खाकर छत पर टहलने निकले तो धुआं निकलते देखा। दमकल विभाग के अधिकारी के अनुसार जब वह अंदर पहुंचे तो रसोई गैस की दुर्गंध आ रही थी।