कमजोर पड़ी कोरोना की दूसरी लहर, 24 घंटे में आए इतने कम मामले

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए शनिवार को देश भर में 18,32,950 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक 31 करोड़ 48 लाख 50 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत कई प्रमुख राज्यों में नए मामलों में लगातार गिरावट जारी है। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में मामले बढ़ रहे हैं और केरल एवं कर्नाटक में भी ज्यादा कमी नजर नहीं आ रही।

आंध्र प्रदेश में रिकॉर्ड 24,171 नए मामले मिले हैं। बंगाल में भी मामले स्थिर बने हुए हैं। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात में भी मामले कम हो रहे हैं।

कोरोना के खिलाफ जारी जंग का असर दिखने लगा है। अच्छी खबर यह है कि 27 दिन बाद कोरोना के नए मरीजों की संख्या 3 लाख से कम आई है। सक्रिय मामलों में एक लाख से ज्यादा की कमी दर्ज की गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रायल से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दक्षिणी राज्यों को छोड़ दें तो पूरे देश में संक्रमण के नए मामलों में गिरावट आ रही है और ज्यादा संख्या में मरीज ठीक हो रहे हैं। बीते 24 घंटे में 2,81,386 नए मामले सामने आए हैं।

इससे पहले 19 अप्रैल को तीन लाख से कम (2,94,378) संक्रमित पाए गए थे। इस दौरान 3,78,741 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं और 4,106 और लोगों की मौत हुई है।

कुल संक्रमितों की संख्या 2,49,65,463 हो गई है। इनमें से 2,11,74,076 लोग ठीक भी हो चुके हैं और अब तक 2,74,390 लोगों की जान जा चुकी है। सक्रिय मामले 35,16,997 रह गए हैं। एक दिन पहले एक्टिव केस 36,17,185 थे।