राकेश टिकैत का बड़ा बयान, कहा – हिमाचल के सेब बागानों पर अडानी का कब्जा

हरियाणा के नूंह में किसान महापंचायत में किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि वे (सरकार) कहते हैं कानून में काला क्या है ये बताओ। हमने कहा कि कानून में सफेद क्या हो वो बताओ। वे कहते हैं कि इसके अंदर का सब बदल देंगे, बाहर का न बदलवाओ। ये 3 कानून भी बदले जाएंगे। एमएसपी पर गारंटी कार्ड भी चाहिए।

इस दौरान राकेश टिकैत ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड एक दिन किसान की मौत का कार्ड बनेगा। देश कंपनियों के हाथों में जा चुका है। अदानी ने पूरे हिमाचल के सेब के बागानों पर कब्जा कर लिया है। बड़े-बड़े गोदाम वहां बन चुके हैं। जो रेट 2011 में था आज भी वे उसी रेट पर खरीद कर रहे हैं।

हरियाणा के करनाल में शनिवार को हुए किसानों पर लाठीचार्ज के बाद किसान महापंचायत में संयुक्त किसान मोर्चा के कई नेता नूह पहुंचे हैं। जहां डॉ दर्शन पाल, राकेश टिकैत और बलबीर सिंह राजजेवाल, स्वराज इंडिया के प्रमुख योगेंद्र योदव ने किसानों को संबोधित किया।