यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध जारी , मिसाइल अटैक कर सकता है रूस

यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध का आज नौवां दिन है। रूस लगातार अपने हमले तेज कर रहा है। वह अब बड़े शहरों को निशाना बना रहा है। जानकारी के मुताबिक रूसी सेना ने पोर्ट सिटी पर भी कब्जा कर लिया है।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक यूक्रेन में चेरनिहिव और सुमी में भी हमले का अलर्ट जारी किया गया है। कीव इंडिपेंडेंट ने एक ट्वीट में कहा, ‘सबसे पहले चेरनिहिव में एयर स्ट्राइक हो सकती है।’
इसके बाद राजधानी कीव और जाइतोमर सिटी में हमले का अलर्ट जारी किया गया। इसको बाद सुमी में भी हवाई हमले का अलर्ट जारी कर दिया गया। लोगों से कहा गया है कि वे आश्रयगृह में चले जाएं।

सुमी की यूनिवर्सिटी में मिलटरी फैकल्टी पर गुरुवार को बमबारी हुई थी। इसमें कई लोगों की जान भी चली गई थी। इसी बीच यूक्रेन रूस के अधिकारियों के साथ तीसरे चरण की वार्ता की भी तैयारी कर रहा है। कीव के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस संकट का हल निकलना जरूरी है। इस युद्ध में मासूमों की जान जा रही है।

यूक्रेन की पोर्ट सिटी मारिउपोल के मेयर ने जानकारी दी थी यहां पर रूसी सेना ने कब्जा कर लिया है और लोगों का आना जाना भी रोक दिया है। बता दें कि मारिउपोल 4.5 लाख की आबादी वाला शहर है और रूस की सेना के लिए यह बेहद अहम है। इसके जरिए दक्षिण रूस को क्रीमिया के साथ जोड़ा जा सकता है। इस काम में यह कॉरिडोर का काम करेगा।

रूस की सेनाओं ने यूक्रेन में 24 फरवरी को मिलिट्री ऑपरेशन शुरू किया था। बताया जा रहा है कि इसके बाद से अब तक रूस यूक्रेन में 500 से ज्यादा मिसाइल दाग चुका है। कई जगहों पर ड्रोन से भी हमले किए गए हैं।