रूस ने यूक्रेन पर किया हमला , भारी संख्या में नजर आई सेना

महीनों से जारी तनाव के बाद रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया है। इस हमले से यूक्रेन को काफी नुकसान पहुंचा है। रूसी सेना ने यूक्रेन के कई इलाकों में आक्रमण किया है। बेलारूस बॉर्डर की ओर से भी रूस ने यूक्रेन पर हमला किया है।

दोनों पक्षों के सैनिकों के साथ आम यूक्रेनी नागरिकों भी मारे गए हैं। आइए जानते हैं रूस ने यूक्रेन में कहां-कहां हमला किया है। मैप के जरिए समझने की कोशिश करते हैं।

रिपोर्ट बताती है कि रूस मारियोपोल, खेर्सन, ओडेसा, डिनीप्रो, खार्किव, लुत्स्क जैसे इलाकों में हमला किया है। पूर्वी यूक्रेन में रूस ने मारियोपोल पोर्ट, क्रमातोर्स्क, चुगेव, खरीव, बेर्यंस्क जैसे इलाकों में हमला किया है। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आसपास के क्षेत्र जैसे कि ओजेर्ने जैसे शहरों पर भी अटैक किया है।

रूस ने यूक्रेन बॉर्डर पर करीब दो लाख सैनिक तैनात किए हुए हैं। रूस ने 23 फरवरी की देर रात से यूक्रेन पर हमला तेज कर दिया था। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि रूस यूक्रेनी मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर, एयर डिफेंस फैसिलिटी, मिलिट्री एयरफील्ड्स और यूक्रेनी एयरक्राफ्ट्स को टारगेट कर रहा है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसने यूक्रेन के हवाई सुरक्षा और हवाई अड्डों को निष्क्रिय कर दिया है और रूसी सेना ने 70 से अधिक सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया है।

यूक्रेन के अधिकारियों ने एक बयान में कहा है कि रूस द्वारा कुछ नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया गया है और रूसी सेना ने चरनोबिल में पूर्व परमाणु ऊर्जा संयंत्र को जब्त कर लिया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने बताया है कि कम से कम 137 यूक्रेनी सैनिक और नागरिक मारे गए हैं। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि रूस ने युद्ध में दो हेलीकॉप्टर और सात विमान खो दिए हैं।

यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसके सशस्त्र बलों ने सैन्य अभियान शुरू होने के बाद से करीब 800 रूसी बलों को मार गिराया है। मंत्रालय ने कहा कि सात रूसी विमानों और छह हेलीकॉप्टरों के साथ 30 से अधिक रूसी टैंकों को नष्ट कर दिया गया है।